1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'सिंगर जुबिन गर्ग की मौत स्पष्ट तौर पर हत्या का मामला', विधानसभा में बोले सीएम हिमंत विश्व शर्मा

'सिंगर जुबिन गर्ग की मौत स्पष्ट तौर पर हत्या का मामला', विधानसभा में बोले सीएम हिमंत विश्व शर्मा

 Published : Nov 25, 2025 04:50 pm IST,  Updated : Nov 25, 2025 04:59 pm IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा कई बार कह चुके हैं कि सिंगर जुबिन गर्ग की मौत एक हत्या का मामला है। अब उन्होंने ये बात राज्य की विधानसभा के अंदर भी बोला है।

असम सीएम हिमंत विश्व शर्मा- India TV Hindi
असम सीएम हिमंत विश्व शर्मा Image Source : HIMANTABISWA/X

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि गायक जुबिन गर्ग की सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय हुई मौत ‘स्पष्ट तौर पर हत्या’ का मामला है। गर्ग की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं। 

जुबिन की मौत के मुद्दे पर विधानसभा में हुई चर्चा

शर्मा ने असम विधानसभा में गायक जुबिन गर्ग की मौत के मुद्दे पर चर्चा के लिए विपक्ष द्वारा लाए गए कार्य स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा पर यह बात कही। कार्य स्थगन प्रस्ताव को मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के अनुरोध पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया था। 

यह स्पष्ट तौर पर हत्या का मामला- सीएम शर्मा

सीएम विश्व शर्मा ने कहा, 'प्रारंभिक जांच के बाद असम पुलिस को यकीन हो गया था कि यह गैर इरादतन हत्या का मामला नहीं है बल्कि यह स्पष्ट तौर पर हत्या है।’ उन्होंने कहा, ‘इसीलिए, उनकी मौत के तीन दिन के भीतर ही मामले में बीएनएस की धारा 103 जोड़ दी गई।’ 

अब तक 7 लोगों को किया गया गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस की सीआईडी ​​के तहत गठित एसआईटी ने अब तक इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। 252 गवाहों से पूछताछ की है और 29 वस्तुएं ज़ब्त की हैं। शर्मा ने दावा किया, ‘एक आरोपी ने गर्ग की हत्या की और अन्य ने उसकी मदद की। हत्या के मामले में 4-5 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।’ 

जांच का दायरा बढ़ाकर हुई लापरवाही

उन्होंने कहा, 'दिसंबर में हत्या के मामले में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद, जांच का दायरा बढ़ाकर लापरवाही, आपराधिक विश्वासघात और अन्य पहलुओं को भी शामिल किया जाएगा।’ सीएम शर्मा राज्य के गृह मंत्री भी हैं। उन्होंने दावा किया कि एसआईटी एक ‘ठोस आरोपपत्र दाखिल करेगी और अपराध के पीछे का मकसद राज्य के लोगों को झकझोर देगा।’ मालूम हो कि जुबिन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत