1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. NEET पर प्रदर्शन के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में लिखीं भड़काऊ बातें, पुलिस ने दर्ज किया मामला

NEET पर प्रदर्शन के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में लिखीं भड़काऊ बातें, पुलिस ने दर्ज किया मामला

 Reported By: T Raghavan Written By: Subhash Kumar
 Published : Jul 27, 2026 11:33 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 12:38 pm IST

बेंगलुरु में नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान शरजील इमाम जिंदाबाद का पोस्टर लहराया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और कहा है कि शांति भंग करने की कोशिश हुई है।

begaluru neet protest umar khalid sharjeel imam- India TV Hindi
उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में भड़काऊ बातें लिखने का मामला। Image Source : PTI

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में नीट पेपर लीक के विरोध में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में पोस्टर लहराने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शांति भंग करने की  कोशिश हुई थी।

क्या है पूरा मामला?

सामने आई जानकारी के अनुसार, नीट परीक्षा पेपर लीक के खिलाफ बेंगलुरु फ्रीडम पार्क में हो रहा शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन में एक विवादित पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है, शुक्रवार को हुए प्रोटेस्ट के दौरान एक महिला ने भड़काऊ पोस्टर दिखाए और ऐसे नारे लगाए जिनसे पुलिस के अनुसार सार्वजनिक शांति भंग हो सकती थी।

विरोध प्रदर्शन में 1,000 से 1,500 लोग थे

24 जुलाई को सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर सुलोचना की शिकायत के अनुसार, कर्नाटक विद्यार्थी संगठन (KVS) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करने और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने के लिए एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था। पुलिस ने बताया कि इस प्रदर्शन में 1,000 से 1,500 लोगों ने हिस्सा लिया।

उमर खालिद और शरजील इमाम तिहाड़ जेल में बंद

शिकायत के अनुसार, शाम 5 बजे से 5:30 बजे के बीच, एक युवती ने नारे लगाए और ऐसे पोस्टर दिखाए जिनमें उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में भड़काऊ बातें लिखी थीं। ये दोनों 'गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम' (UAPA) के तहत गिरफ़्तार होने के बाद तिहाड़ जेल में बंद हैं। पोस्टर में पुलिस के खिलाफ भी एक नारा लिखा था ("उखाड़ ले BLR पुलिस")।

कैसे पकड़ी गई महिला?

जब पुलिस भीड़ के बीच पहुंची, तो कुछ लोगों ने पोस्टर छिपा लिए, जिससे उन्हें मौके पर ही जब्त करना नामुमकिन हो गया। इसके बाद, पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज और कैमरा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो की जांच की। जांच के दौरान, जांचकर्ताओं ने उस महिला की पहचान कर ली। शिकायत के आधार पर, उप्पारपेट पुलिस ने धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना- चाहे दंगा हो या न हो) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टर पकड़े हुए महिला की जानकारी मिल गई है और आगे जरूरी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें- '2028 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा, राजनीति भ्रष्ट हो चुकी है', कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया का ऐलान

'शिक्षा व्यवस्था को सुधारने में बहुत बड़ा कदम', धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर राहुल गांधी का पहला रिएक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत