1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Bharat Jodo Yatra: "भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी कर रहे बच्चों का दुरुपयोग" NCPCR ने की कार्रवाई की मांग

Bharat Jodo Yatra: "भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी कर रहे बच्चों का दुरुपयोग" NCPCR ने की कार्रवाई की मांग

 Published : Sep 13, 2022 07:36 pm IST,  Updated : Sep 13, 2022 08:08 pm IST

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस ने जबसे भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, तब से ही पार्टी और इसके नेताओं पर हर ओर से हमले हो रहे हैं। अब इस क्रम में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) भी आगे आया है।

Rahul Gandhi with children during Bharat Jodo Yatra- India TV Hindi
Rahul Gandhi with children during Bharat Jodo Yatra Image Source : PTI

Highlights

  • कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ा एक और विवाद
  • NCPCR ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत
  • "बच्चों का राजनीतिक साधन के रुप में दुरुपयोग"

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस ने जबसे भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, तब से ही पार्टी और इसके नेताओं पर हर ओर से हमले हो रहे हैं। अब इस क्रम में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) भी आगे आया है। एनसीपीसीआर ने निर्वाचन आयोग से कहा है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में बच्चों का कथित रूप से राजनीतिक साधन के रुप में दुरुपयोग किया जा रहा है। एनसीपीसीआर ने इस मामले में पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई और जांच की मांग की है। 

"राजनीतिक मंशा से बच्चों को बना रहे निशाना" 

NCPCR ने शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी और जवाहर बाल मंच राजनीतिक मंशा से बच्चों को निशाना बना रहे हैं और उन्हें राजनीतिक गतिविधियों में शामिल कर रहे हैं। आयोग ने कहा कि शिकायत के अनुसार आरोप है कि ‘‘सोशल मीडिया पर अनेक तकलीफदेह तस्वीरें और वीडियो हैं जिनमें देखा जा सकता है कि ‘भारत जोड़ो, बच्चे जोड़ो’ नारे के तहत बच्चों को निशाना बनाया जा रहा है और राजनीतिक एजेंडे के साथ बच्चों को उनके अभियान में शामिल कराया जा रहा है।’’ 

निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन
आयोग ने आरोप लगाया कि यह निर्वाचन आयोग के नियमों का उल्लंघन है जिनमें कहा गया है कि केवल वयस्क ही किसी राजनीतिक दल का हिस्सा हो सकते हैं। आयोग ने निर्वाचन आयोग को लिखे पत्र में कहा, ‘‘यह बाल अधिकारों का प्रथम दृष्टया उल्लंघन है। राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के साधन के रूप में बच्चों का इस्तेमाल बाल शोषण है जिसका उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है और यह भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के खिलाफ है।’’ 

NCPCR ने की कार्रवाई की मांग
पत्र में कहा, ‘‘इसलिए आयोग आपसे अनुरोध करता है कि इस मामले को देखें और घटनाक्रम की पूरी पड़ताल करें और शिकायत में जिस राजनीतिक दल और उसके सदस्यों का उल्लेख किया गया है उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाए।’’ कांग्रेस ने पार्टी के जमीनी स्तर संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा शुरू की है। 7 सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा पांच महीने की अवधि में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत