भुवनेश्वर: भुवनेश्वर के वाणी विहार इलाके में शनिवार को तेज बारिश के दौरान एक युवक नाले में बह गया। घटना के 20 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है। आज भी बचाव अभियान लगातार जारी है और रेस्क्यू टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। लापता युवक की पहचान अनिल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह नाले के किनारे प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कबाड़ इकट्ठा कर रहा था। लगातार बारिश के कारण नाले में तेज बहाव आ गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज पानी के साथ बह गया।
नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही भुवनेश्वर नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई कि भारी बारिश के बाद नाले में आए तेज बहाव के कारण युवक बह गया। बताया गया कि बारिश के पानी के साथ बहकर आए प्लास्टिक और अन्य कबाड़ को वह इकट्ठा कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद शनिवार से ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। रविवार को भी बचाव अभियान जारी है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीम नाले के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश कर रहे हैं।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर और निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव अभियान की निगरानी की और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने रेस्क्यू टीमों को खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
नाले का एक हिस्सा निर्माणाधीन
जिस नाले में यह हादसा हुआ, वहां इन दिनों एक विकास परियोजना के तहत पार्क बनाने का काम चल रहा है। इस वजह से नाले का एक हिस्सा निर्माणाधीन है। माना जा रहा है कि निर्माण कार्य के कारण वहां की स्थिति पहले से अधिक जोखिम भरी हो गई थी। वहीं, लगातार बारिश से नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो गया, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई।
फिलहाल फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और अन्य संबंधित टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है, लेकिन अभी तक अनिल सिंह का कोई पता नहीं चल सका है। (रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-