देशभर में इस समय भीषण गर्मी और लू का तांडव जारी है। रविवार को सूरज ने ऐसे तेवर दिखाए कि कई राज्यों में पारा 45 से 47 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी देश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा था। इस क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा।
हालांकि, राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 29 मई से गर्मी से धीरे-धीरे राहत मिलने का अनुमान जताया है।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में तापमान 45.6 डिग्री तक पहुंच गया, वर्धा में 45.5 डिग्री, नागपुर में 45.4 डिग्री, अमरावती में 45.2 डिग्री और गोंदिया में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अन्य राज्यों के शहरों का हाल
- दिल्ली में औसत तापमान 43.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा है। अयानगर और रिज में पारा 44.6°C तक पहुंच गया।
- महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 45.6°C, वर्धा में 45.5°C और नागपुर में 45.4°C तापमान दर्ज हुआ।
- राजस्थान के श्रीगंगानगर 46°C के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान में पारा 47°C तक जा सकता है।
- उत्तर प्रदेश के बांदा 46.8°C के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर रहा। प्रयागराज, उरई और झांसी में तापमान 45.6°C दर्ज किया गया, जबकि लखनऊ में यह 42.6°C रहा।
- हरियाणा का सिरसा 46°C तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। रोहतक में 45.3°C और चंडीगढ़ में 40.9°C तापमान दर्ज किया गया।
- आंध्र प्रदेश में अगले 3 दिनों तक भीषण लू की चेतावनी है, हालांकि कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का भी अनुमान है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली: गर्मी में ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत, AC से लैस हेलमेट और पंखे मिले