Breaking News in Hindi Highlights: उत्तर भारत में इन दिनों कई इलाके घने कोहरे के साथ-साथ भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं, सियासी मोर्चे पर देखा जाए तो एक तरफ राहुल गांधी 'भारत जोड़ो यात्रा' के जरिए कांग्रेस में जान फूंकने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर चुके हैं। वहीं, जोशीमठ में दरकती जमीन से लेकर कंझावला कांड और लखनऊ में हुए समाजवादी पार्टी की नेता गिरफ्तारी पर हंगामे पर सबकी नजर है। इन सभी घटनाओं के साथ-साथ देश और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज और बड़े अपडेट्स पाने के लिए हमारे साथ बने रहें:
पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना में स्कूल बस के ट्रक से टकराने से बच्चों समेत कई लोग घायल हुए हैं।
दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने कंझावला कांड के पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करने के लिए सीएम अरविंद द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। साथ ही एलजी ने हरसंभव अतिरिक्त मदद का आश्वासन दिया।
जामनगर एयरपोर्ट पर गोवा जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। मॉस्को से गोवा जा रही थी फ्लाइट। फ्लाइट में बॉम्ब होने की मिली खबर। अभी अभी लैंडिंग हुई है।
विमानन कंपनी विस्तारा (Vistara) की दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही फ्लाइट में सोमवार शाम तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर पूरी तरह से इमरजेंसी घोषित कर दी गई। दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर रनवे नंबर 28 पर फ्लाईट की एमरजेंसी लैंडिंग की गई है। जानकारी के अनुसार यह दिल्ली से भुवनेश्वर की फ्लाइट थी। दिल्ली से यह फ्लाइट उड़ी। बताया गया कि फ्लाइट के हाडरोलिक में कुछ खामी थी। इसके बाद 8.18 बजे इस बारे में कॉल किया गया और दो मिनट बाद यानी 8.20 बजे इसकी लैंडिंग हो गई।
समाजवादी पार्टी के गिरफ्तार आईटी सेल हेड मनीष जगन अग्रवाल को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। कल रविवार को उनकी गिरफ्तारी की गई थी।
इंदौर में हो रहे 17वें प्रवासी भारतीय सम्मलेन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरीनाम के राष्ट्रपति चान संतोखी से मुलाकात की।
इंदौर में हो रहे प्रवासी भारतीय सम्मलेन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुयाना के राष्ट्रपति इरफ़ान अली से मुलाकात की।
डीजीसीए ने पिछले महीने पेरिस-नई दिल्ली उड़ान पर यात्रियों के दुर्व्यवहार की दो घटनाओं के संबंध में एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
15 मंजिला इमारत के ग्लास को साफ करते वक्त लिफ्ट की ट्रॉली गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर दमकल विभाग और बीएमसी के अधिकारी मौजूद हैं।
राजस्थान के दौसा से कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक उर्फ दिलीप मीणा को गैंगरेप मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।
लखनऊ: थाना गोमती नगर में आज 3 बजे कुछ युवकों ने भारतीय सेना में कार्यरत एक मेजर की गाड़ी का शीशा तोड़ा और उसमें आग लगा दी। थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और टीम बनाकर अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। सैयद अली अब्बास ( ADCP पूर्व, लखनऊ) ने ये जानकारी दी है।
अमूल के MD आर एस सोढ़ी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके बाद जयेन मेहता को चार्ज दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रात 9 बजे दिल्ली में अपने आवास पर जम्मू-कश्मीर के शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों सहित अन्य मुद्दों पर होगी चर्चा। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।
सीआरपीएफ का महिला दल इस साल गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगा। ये जानकारी सीआरपीएफ ने दी है।
दिल्ली के कंझावला केस में रोहिणी कोर्ट ने सभी 6 आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गृह मंत्रालय ने खालिस्तान टाइगर फोर्स के सहयोगी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डाला को गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, (यूएपीए) के तहत आतंकवादी घोषित किया।
तुनिशा मौत केस: तुनिषा के परिवार के वकील तरुण शर्मा ने कहा कि आरोपी शीजान खान की जमानत याचिका वसई कोर्ट ने 11 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी है। हमने और तारीख मांगी है और हम 11 जनवरी को अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।
चूरू: सर्दी से बचने के लिए कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई और एक 3 महीने के बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके का है।
बीजेपी नेता और मंत्री एन अश्वत नारायण आज किताब जारी करने वाले थे। ये बुकलेट सिद्धारमैया के तथाकथित कुशासन पर थी। सिद्धारमैया के बेटे ने निचली अदालत से बुकलेट की रिलीज के खिलाफ स्टे ले लिया था। अदालत ने किताब से जुड़ी खबर प्रकाशित करने या दिखाने पर अंतरिम रोक लगाई है। सिद्धारमैया के विधायक बेटे डॉ यतीन्द्र सिद्धारमैया ने अदालत से गुहार लगाई थी कि ये बुकलेट उनके और उनके पिता को बदनाम करने के मकसद से जारी की जाने वाली थी। इस बुकलेट का नाम 'सिद्धारमैया के सपने' था।
यूनिफॉर्म सिविल कोड पर गुजरात और उत्तराखंड सरकार को बड़ी राहत मिली है। यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बनी कमेटियां काम करती रहेंगी। सुप्रीम कोर्ट ने कमेटियों के खिलाफ दायर याचिका पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा- UCC पर राज्यों को कमेटियां बनाने का अधिकार है।
उत्तर प्रदेश: नोएडा के सेक्टर 10 इलाके में एक कंपनी में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर फौरन रवाना हो गई हैं।
प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि आज भारत की ओर आशा और जिज्ञासा की दृष्टि से देखा जा रहा है। वैश्विक मंच पर भारत की आवाज सुनी जा रही है। भारत इस साल के जी20 का मेजबान भी है। हम इसे सिर्फ डिप्लोमैटिक इवेंट नहीं बनाना चाहते, बल्कि इसे जनभागीदारी का इवेंट बनाना चाहते हैं। भारत में न केवल एक ज्ञान केंद्र बनने की क्षमता है बल्कि एक कुशल राजधानी बनने की काबिलियत भी है। पीएम ने कहा कि हमारे युवाओं में काम के प्रति कौशल, मूल्य और ईमानदारी और दृढ़ संकल्प है। हमारी ये कुशल पूंजी दुनिया का ग्रोथ इंजन बन सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत ने सदियों पहले वैश्विक व्यापार शुरू किया था। पीएम ने कहा कि भारत ने 220 करोड़ वैक्सीन की डोज मुफ्त लगाई। आज भारत दुनिया कि 5 बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। भारत ने आज INS विक्रांत, अरिहंत जैसी सबमरीन बनाई है। उन्होंन कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन में भारत सबसे आगे है। डिडिटल टेक्नोलॉजी में दुनिया हमारी ताकत देख रही है। भारत को लेकर आज दुनिया उत्सुक दिख है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में भारतीयों की ताकत और बढ़ेगी।
मोदी ने कहा कि यह प्रवासी भारतीय दिवस कई मायनों में खास है। अभी कुछ महीने पहले ही हमने भारत की आजादी के 75 साल मनाए हैं। यहां स्वतंत्रता संग्राम की प्रदर्शनी लगाई गई है। देश अमृत काल में प्रवेश कर चुका है। भारत की वैश्विक दृष्टि को मजबूती मिलेगी। मैं सभी भारतीय प्रवासियों को भारत का ब्रांड एंबेसडर मानता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि चार सालों के बाद प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन मूल स्वरूप में हो रहा है। अपनों से आमने सामने की मुलाकात का अलग आनंद होता है।
पीएम ने कहा कि मैं आप सभी का 130 करोड़ भारत वासियों की तरफ से अभिनंदन करता हूं। सभी प्रवासी भारतीय अपनी माटी को नमन करने आए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी इंदौर पहुंच गए हैं। अब से थोड़ी देर में वे प्रवासी भारतीय सम्मेलन का उद्धाटन करेंगे। इस सम्मेलन में 70 देशों के करीब 3500 प्रतिनिधि मौजूद हैं। सम्मेलन में पीएम मोदी डाक टिकट भी जारी करेंगे।
जोशीमठ मामले में अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा दायर याचिका की आज सुप्रीम कोर्ट में CJI की बेंच के सामने मेंशनिंग की गई। लेकिन CJI ने कहा कि आपका नाम मेंशनिंग लिस्ट में नहीं है, इसलिए कल मेंशन कीजिए।
रिपोर्ट- गोनिका अरोड़ा
समाजवादी पार्टी के आईटी सेल हेड मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी पर बवाल बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी ने BJP नेता ऋचा राजपूत के ख़िलाफ़ FIR दर्ज कराया है और गिरफ्तारी की मांग की है। यूथ बीजेपी की यूपी आईटी सेल हेड ऋचा राजपूत पर डिंपल यादव के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक कमेंट करने का आरोप है।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने ICICI बैंक-वीडियोकॉन ऋण धोखाधड़ी मामले में CBI की गिरफ़्तारी के बाद ICICI की पूर्व CEO चंदा कोचर और दीपक कोचर को न्यायिक हिरासत से रिहा करने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने कहा, "गिरफ्तारी कानून के मुताबिक नहीं है।"
इंडिगो की फ्लाइट में एयर होस्टेस से छेड़खानी का मामला सामने आया है। शराब के नशे में एयर होस्टेस से छेड़छाड़ करने पर 2 लोगों को अरेस्ट किया गया है। दिल्ली से कल पटना आ रही फ्लाइट में ये घटना हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी सोमवार को मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली इस सम्मलेन में मुख्य अतिथि, जबकि सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशिष्ट अतिथि होंगे।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कम विजिबिलिटी के कारण शारजाह से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम की वजह से करीब 15 उड़ानों में देरी हुई हैं।
उत्तर प्रदेश: कोहरे की वजह से चंदौली के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेनें लेट हुईं जिससे लोगों को दिक़्कतें हो रही। एक यात्री ने बताया,"मैं हरिद्वार से आ रही, हमारी ट्रेन 4 घंटे लेट है।" एक अन्य यात्री ने बताया,"हमारी ट्रेन 1:30 घंटा देरी से चल रही है।ठंड की वजह से दिक़्कत हो रही।"
कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 29 ट्रेनें लेट से चल रही हैं। बता दें कि दिल्ली से लेकर कश्मीर तक हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी हो रही है तो वहीं मैदानी क्षेत्र में घना कोहरा पड़ रहा है। कोहरे की सबसे ज्यादा मार फ्लाइट्स और ट्रेनों पर पड़ रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत का समान करना पड़ रहा है।
हरियाणा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा की आज की शुरुआत कुरुक्षेत्र से की।
दिल्ली: राजधानी में शीतलहर के साथ-साथ आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार एक दम से मानो थम सी गई हो। तस्वीरें ITO से हैं।
संपादक की पसंद