Breaking News Live: हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से छूट ना जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। पढ़ें दिन भर के बड़े अपडेट्स...
आज रात 10 बजे तक 63,47,054 आयकर रिटर्न दाखिल किए गए और पिछले 1 घंटे में 4,60,496 आयकर रिटर्न दाखिल किए गए।
मुंबई के वाकोला पुलिस स्टेशन में संजय राऊत के खिलाफ FIR दर्ज की गयी है। पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार स्वप्ना पाटकर की शिकायत के बाद धमकी देने के मामले में FIR दर्ज की गयी है। आज रात स्वप्ना पाटकर को पुलिस थाने में बुलाया गया था। उन्हें पुलिस ने सुरक्षा भी दी है। IPC सेक्शन 504, 509 के तहत FIR दाखिल की गयी है।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद से अवैध खनन के संबंध में पीएमएलए के तहत कल 1 अगस्त को रांची जोनल कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय पूछताछ कर सकता है।
मुंबई के पांच सितारा होटल से एक अधेड़ व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस प्रेस नोट में इस व्यक्ति को मानसिक रूप से बीमार बताया गया है। मृतक के परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक मानसिक रूप से बीमार था और उसका 2005 से मसिना अस्पताल में इलाज चल रहा था।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,263 नए मामले सामने आए हैं। वहीं मौत का आंकड़ा 0 रहा। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 984 रही जबकि पॉजिटिविटी रेट 9.35% रहा। दिल्ली में अभी सक्रिय मामलों की बात करें तो कोरोना के कुल एक्टिव मरीज 4509 हैं।
वरिष्ठ पत्रकार एवं मलयालम दैनिक अखबार ‘मेट्रो वार्ता’ के प्रधान संपादक आर.गोपीकृष्णन का रविवार को निधन हो गया। वह 65 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। वह पिछले कुछ वक्त से अस्वस्थ थे। उन्होंने दोपहर करीब एक बजकर 15 मिनट पर अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथला समेत वरिष्ठ नेताओं ने पत्रकार के निधन पर शोक जताया।
गुजरात में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,012 नये मामले सामने आये और दो लोगों मौत हो गई। वहीं हरियाणा में संक्रमण के 687 नये मामले दर्ज किये गये और महामारी से दो लोगों की मौत हो गई। चंडीगढ़ से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,29,423 हो गई जबकि मृतकों की संख्या 10,642 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन के अनुसार महामारी से मौत के नये मामले पंचकूला और सिरसा जिलों में दर्ज किये गये।
किसानों ने रविवार को पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर रेल की पटरियों पर धरना दिया। यह संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) का, केंद्र सरकार की ‘वादाखिलाफी’ के विरूद्ध राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों का हिस्सा है।
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,849 नए मामले सामने आए और महामारी से तीन मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 80,47,455 हो गए तथा मृतकों की संख्या 1,48,104 पर पहुंच गई।
आज शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आनंद दिघे के भतीजे केदार दिघे को ठाणे जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है।
संजय राउत के वकील ने बताया कि हमें ताजा समन मिले हैं, संजय राउत को पूछताछ के लिए लाया गया है। ईडी पहले ही ऐसे दस्तावेज ले जा चुकी है जो उन्हें महत्वपूर्ण लगे। संपत्ति के कुछ दस्तावेज जब्त किए गए। लेकिन, ईडी पात्रा चाल से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं लेकर गई है।
26 असम राइफल्स, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान एलोसा के जंगल के ऊंचे इलाकों में लश्कर के एक आतंकवादी को पकड़ा गया। भारतीय सेना ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से युद्ध जैसे सामान बरामद किए गए।
ईडी हिरासत में लिए जाने के बाद शिवसेना सांसद संजय राउत की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। संजय राउत ने ट्वीट किया, "आप ऊस व्यक्ति को नहीं हरा सकते, जो कभी हार नहीं मानता! झुकेंगे नही! जय महाराष्ट्र"
हावड़ा जिला अदालत ने भारी कैश के साथ गिरफ्तार किए गए झारखंड के तीन विधायकों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया है।
पश्चिम बंगाल: झारखंड के तीन विधायकों को भारी नकदी के साथ पकड़े जाने के बाद उनका मेडिकल टेस्ट किया गया। इसके बाद उन्हें एक अदालत में पेश किया गया।
संजय राउत को ED ने हिरासत में लिया है। ED संजय राउत से उनके घर पर पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के बाद ED ने राउत को हिरासत में ले लिया है। पात्रा चॉल जमीन घोटाला केस में संजय राउत को हिरासत में लिया गया है।
भारतीय वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिननुंगा ने पुरुषों की 67Kg कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीता है। बर्मिंघम में भारत का ये दूसरा गोल्ड मैडल है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आयोध्या दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम योगी ने रामलला के दर्शन किए।
महाराष्ट्र के सत्ता संघर्ष मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई अब 1 अगस्त के बजाय 3 अगस्त को होगी। चीफ जस्टिस रमन्ना मामले की सुनवाई करेंगे।
आतंकी संगठन ISIS के खिलाफ एनआईए की बड़ी कार्रवाई हुई है। एनआईए ने 6 राज्यों में छापेमारी की है। यहां से अवैध सामग्री भी जब्त की गई है।
शिंदे ने कहा कि ED ने पहले भी जांच की थी। अगर ED केंद्र सरकार के डर से काम करता है तो सुप्रीम कोर्ट को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। ED अपना काम कर रहा है
पार्थ चटर्जी और अर्पिता का मेडिकल कराया गया है। ये मेडिकल कोलकाता के ईएसआई अस्पताल में हुआ है।
अविनाश पांडे, महासचिव एवं प्रभारी, झारखंड कांग्रेस ने बताया कि तीनों विधायक जिन्हें कल नकदी के साथ पकड़ा गया था, उन्हें पार्टी से तुरंत प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।
ED की पूछताछ में अर्पिता ने खुलासा किया है कि वह महज उनकी संपत्तियों की केअर टेकर थी। अर्पिता ने कहा कि वो उन गहनों को जरूर पहनती थी जो ED ने बरामद किए हैं। पार्थ ने मुझे एक बेहतर रहन सहन दिया है। ED के सामने अर्पिता जब ये खुलासे कर रहीं थी, तब पार्थ चटर्जी बिना पलक झुकाए अर्पिता की तरफ देख रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने IPS संजय अरोड़ा को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है।
शिवसेना सांसद संजय राउत के घर पर ED के अधिकारियों ने CRPF की एक और टीम बुलाई है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की है। गौरतलब है कि सीएम योगी आज अयोध्या के दौरे पर हैं।
पश्चिम बंगाल के एसएससी स्कैम में पार्थ चटर्जी सुर्खियों में बने हुए हैं। ईडी उन्हें जोका ईएसआई अस्पताल लेकर गई है।
संजय राउत के एक और ठिकाने पर ईडी की रेड पड़ी है। ED की एक टीम सुबह राउत के घर रेड के साथ ही दादर के कोर्ट गार्डन इमारत भी पहुंची थी। इस इमारत की 25 वीं मंजिल पर ईडी छापेमारी कर रही है। ED के कई अधिकारी फ्लैट में मौजूद हैं और इमारत के नीचे केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी के लोग तैनात किए गए हैं।
ईडी शिवसेना नेता संजय राउत से 5 घंटे से पूछताछ कर रही है। इस दौरान संजय राउत के घर की तलाशी भी ली जा रही है। घर की तलाशी के दौरान ईडी को कुछ डॉक्यूमेंट्स भी मिले हैं। ये जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है।
पीएम ने कहा कि मुझे ये देखकर बहुत खुशी होती है कि आजादी का अमृत महोत्सव एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है। सभी क्षेत्रों और समाज के हर वर्ग के लोग इससे जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 31 जुलाई यानी आज ही के दिन हम सभी देशवासी शहीद उधम सिंह जी की शहादत को नमन करते हैं। मैं ऐसे अन्य सभी महान क्रांतिकारियों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार का मन की बात कार्यक्रम बहुत खास रहा है। इसका कारण है कि इस बार भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे करेगा।हम सभी बहुत अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनने जा रहे हैं।
पीएम मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम शुरू हो गया है। पीएम मोदी देश को 91वीं बार संबोधित कर रहे हैं।
बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि ED अपना काम कर रही है। संजय राउत हों या कोई भी, गड़बड़ करेंगे तो ED वहां पहुंचेगी और आपसे सवाल जवाब करेगी। इसमें इतना हाय तौबा क्यों मचाया जा रहा है।
देश में पिछले 24 घंटों में 19,673 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में एक्टिव केसों की कुल संख्या 1,43,676 हो गई है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र और शिवसेना लड़ते रहेंगे। झूठी कार्रवाई, झूठे सबूत...मैं शिवसेना नहीं छोडूंगा। मैं मर भी जाऊं, मैं आत्मसमर्पण नहीं करूंगा। मेरा किसी घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है।
बिहार के सीतामढ़ी में भी नेपाल में आए भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भागलपुर में भी 8 बजे के करीब भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं ।
शिवसेना नेता संजय राउत के घर ED की टीम पहुंची है। गोरेगांव के पत्रा चॉल मामले में राउत के घर ईडी पहुंची है। बता दें कि पिछले समन पर राउत दिल्ली में होने के चलते पेश नहीं हो पाए थे। 1 जुलाई को ईडी ने संजय राउत से करीब 11 घंटे पूछताछ की थी।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील क्षेत्र के सोबला गांव में बादल फटा है। बादल फटने के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
नेपाल के काठमांडू में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है। इसका केंद्र नेपाल से 147 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या और चित्रकूट के दौरे पर हैं। इस दौरान वह पहले हनुमानगढ़ी जाएंगे और फिर वहां पर दर्शन पूजन के बाद रामलला के दर्शन करेंगे। 2 घंटे अयोध्या में रहने के दौरान वह सरयू तट भी जाएंगे और स्वर्गीय परमहंस की समाधि पर श्रद्धांजलि देंगे।
जम्मू कश्मीर के बारामूला के बिनेर इलाके में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। आतंकी की पहचान इरशाद अहमद भट के रूप में हुई है, जो मई 2022 से सक्रिय है और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर से जुड़ा है। इस दौरान एक एके राइफल, 2 मैगजीन और 30 गोलियां बरामद हुई हैं। ये जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी है।
पीएम मोदी आज मन की बात करेंगे। ये मन की बात का 91वां एडिशन है।
संपादक की पसंद