1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरू में सड़क पार कर रहे छात्र को बस ने मारी टक्कर, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

बेंगलुरू में सड़क पार कर रहे छात्र को बस ने मारी टक्कर, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

 Reported By: T Raghavan Edited By: Avinash Rai
 Published : Jul 04, 2025 10:32 am IST,  Updated : Jul 04, 2025 11:09 am IST

बेंगलुरू में सड़क पार कर रहे एक छात्र को बीएमटीसी बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र बुरी तरह घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी हमारे पास मौजूद है।

Bus hits student crossing the road in Bengaluru CCTV footage surfaces- India TV Hindi
बेंगलुरू में सड़क पार कर रहे छात्र को बस ने मारी टक्कर Image Source : INDIA TV

कर्नाटक के बेंगलुरू में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा देखने को मिला है। दरअसल बुधवार की सुबह कॉलेज बस पकड़ने के चक्कर में तेजी से सड़क पार कर रहे एक छात्र को बीएमटीसी की बस ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में छात्र बुरी तरह से घायल हो गया। बता दें कि यह मामला नॉर्थ बेंगलुरू डिस्ट्रिक्ट के आनेकल के जिगनी इलाके का है। दरअसल फर्स्ट पीयूसी में पढ़ने वाला एक 17 साल का लड़का अपनी कॉलेज की बस को पकड़ने के लिए तेजी से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान ये हादसा हुआ। घायल छात्र को वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 

बस ने छात्र को मारी टक्कर

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आ चुका है। सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सड़क के दूसरे किनारे पर कॉलेज की बस खड़ी है। लेकिन छात्र के पहुंचने से पहले ही बस वहां से निकलने लगती है। इसी दौरान बस को पकड़ने के लिए छात्र जल्दीबाजी में सड़क पार कर ही रहा होता है कि अचानक तेज रफ्तार से आ रही बीएमटीसी की बस ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्कूल बस चालक ने लड़कों को कॉलेज बस की ओर जाते हुए देखा था। लेकिन फिर भी उसने बस नहीं रोकी। स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों के लिए लापरवाही और सड़क सुरक्षा उपायों की कमी का हवाला देते हुए बीएमटीसी और स्कूल बस चालक दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

बस हादसे में 14 यात्री घायल

बता दें कि इससे कुछ घंटे पहले ही मंगलुरु से लगभग 60 किलोमीटर दूर सूरतकल में दो बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर में 14 छात्रों सहित दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। इस हादसे में दोनों बसों के चालक भी घायल हुए हैं। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब एक बस चेल्यारु की ओर जा रही थी। कथित तौर पर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस गलत साइड पर चल रही थी जिसके कारण दोनों बसों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गयी। उन्होंने बताया कि घायलों में से चार यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। मंगलुरु उत्तर यातायात पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत