1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान खत्म, खड़गे या थरूर; 19 को नाम की घोषणा

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान खत्म, खड़गे या थरूर; 19 को नाम की घोषणा

 Published : Oct 17, 2022 06:04 pm IST,  Updated : Oct 18, 2022 06:41 am IST

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान आज खत्म हो गए हैं। ये मुकाबला सीधे मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच था। इस चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

Congress President Election Concluded - India TV Hindi
Congress President Election Concluded Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • मतपेटी में बंद हुआ अगले कांग्रेस अध्यक्ष का नाम
  • नए कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा 19 अक्टूबर को होगी
  • सोनिया बोलीं- लंबे समय से था इस दिन का इंतजार

Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव आज खत्म हो गया है। इस चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने सामने थे। अध्यक्ष पद के चुनाव का क्या नतीजा रहा, इसकी घोषणा अब 19 अक्टूबर को होगी। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में करीब 9500 डेलीगेट ने मतदान किया और लगभग 96 प्रतिशत मतदान हुआ। मधुसूदन मिस्त्री ने जानकारी दी कि मतदान के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

96 प्रतिशत रहा मतदान प्रतिशत

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान खत्म होने के बाद जानकारी दी कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने कहा मतदान शांतिपूर्ण रहा। चुनाव खत्म होने के बाद 3 मतपेटियां प्राप्त हुई हैं। एआईसीसी यानी कांग्रेस मुख्यालय में 87 लोगों ने मतदान किया है। कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह समेत 87 डेलीगेट ने अपना वोट डाला। वहीं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कुल 561 सदस्यों में से 542 सदस्यों ने मतदान किया है।

सोनिया बोलीं- लंबे समय से था इंतजार
कांग्रेस मुख्यालय में मतदान के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि वह लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थीं। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने यहां कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर मतदान किया। वहीं राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से संबंधित कंटेनर वाले विश्राम शिविर में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। उनके साथ वहां उन लगभग 40 नेताओं ने भी मतदान किया, जो उनके साथ इस यात्रा में ‘भारत यात्री’ हैं। 
 
चिदंबरम ने डाला पहला वोट
पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम ने सबसे पहले वोट डाला। उनके बाद पार्टी महासचिव जयराम रमेश, अजय माकन, मुकुल वासनिक, वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी, विवेक तन्खा और कई अन्य लोगों ने मतदान किया। मतदान के बीच पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी रही है तथा वह इससे संतुष्ट हैं। 

"केवल कांग्रेस में अध्यक्ष का चुनाव"
कांग्रेस मुख्यालय में मतदान के बाद जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, "यह ऐतिहासिक मौका है। हमारे यहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से चुनाव हुआ है।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस एकमात्र राजनीतिक दल है, जहां अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होता है। हमारे यहां टी एन शेषन की तरह केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री हैं। किसी दूसरी पार्टी में चुनाव नहीं होता।" 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत