1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'ये तो मेरे गहने हैं!' नौकरानी की इंस्टा रील देख चौंक गई मालकिन, 1 साल बाद खुला लाखों की चोरी का राज

'ये तो मेरे गहने हैं!' नौकरानी की इंस्टा रील देख चौंक गई मालकिन, 1 साल बाद खुला लाखों की चोरी का राज

 Published : Jul 03, 2026 10:15 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 10:17 pm IST

देहरादून में एक साल पुरानी ऐसी चोरी की कहानी सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यहां एक नौकरानी ने चोरी के बाद मालकिन को भरोसे में रखा, लेकिन इंस्टाग्राम पर चोरी का हार पहनकर बनाई गई रील ने उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

नौकरानी की इंस्टा रील...- India TV Hindi
नौकरानी की इंस्टा रील ने खोल दिया लाखों की चोरी का राज। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले साल हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। जिस चोरी का एक साल तक कोई सुराग नहीं मिल पाया था, उसका राज एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने खोल दिया। घर की पूर्व घरेलू सहायिका ने चोरी किए गए हीरे के हार को पहनकर अपनी रील सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लाखों रुपये के कीमती आभूषण बरामद कर लिए।

1 साल तक कोई सुराग नहीं, फिर इंस्टा रील ने बिगाड़ा खेल

मामला राजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन आईटी पार्क का है। पीड़िता नितिशा वत्स के घर से करीब एक साल पहले हीरे का हार और सोने के अन्य कीमती आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में परिवार को लगा कि गहने कहीं रखकर भूल गए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका विमला ने भी यही बात कहकर उनका भरोसा जीत लिया, जिससे उस पर किसी को शक नहीं हुआ।

सोशल मीडिया बना सबसे बड़ा सबूत

लेकिन हाल ही में पीड़िता के एक परिचित ने बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका ने इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर अपनी तस्वीर पोस्ट की है। जैसे ही नितिशा वत्स ने तस्वीर देखी, उन्होंने तुरंत हार को पहचान लिया और राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही SSP देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और जांच शुरू हुई।

नौकरानी गिरफ्तार
Image Source : REPORTER INPUTनौकरानी गिरफ्तार

'महंगे गहनों को देख मन में आया लालच'

मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लाखों रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए गए। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पीड़िता के घर घरेलू सहायिका का काम करती थी। घर के लॉकर में रखे महंगे गहनों को देखकर उसके मन में लालच आ गया और मौका मिलते ही उसने आभूषण चुरा लिए।

हीरे का हार पहनकर इंस्टा पर फ्लॉन्ट किया, पकड़ी गई

आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने कई बार गहने बेचने की कोशिश की, लेकिन महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण वह उन्हें बेच नहीं सकी। इसी दौरान उसने गहने पहनकर अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी, जो आखिरकार उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई और एक साल पुरानी चोरी का राज खुल गया।

पुलिस की कार्रवाई

देहरादून पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तकनीकी जांच और  पुलिस रणनीति के चलते एक साल पुरानी चोरी की वारदात का सफल खुलासा हुआ है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी प्रमुख आभूस्षण बरामद कर लिए गए हैं और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए डाली गई एक तस्वीर आखिरकार आरोपी की गिरफ्तारी की वजह बन गई।

(रिपोर्ट- हिमांशु कुशवाहा)

यह भी पढ़ें-

2 किलो सोना, 15 गोल्ड लोन अकाउंट, घर में पाले 15 खूंखार कुत्ते; दिल्ली की नौकरानी का खुला रहस्य

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत