1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इंडिगो की फ्लाइट में फिर हंगामा, शराब पीकर 2 यात्रियों ने क्रू मेंबर से की गाली-गलौज

इंडिगो की फ्लाइट में फिर हंगामा, शराब पीकर 2 यात्रियों ने क्रू मेंबर से की गाली-गलौज

 Reported By: Rajiv Singh, Edited By: Malaika Imam
 Published : Mar 23, 2023 10:40 am IST,  Updated : Mar 23, 2023 10:49 am IST

पुलिस के एक अधिकारी ने आज गुरुवार को बताया कि विमान के मुंबई में उतरने के बाद दोनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, यहां उन्हें एक अदालत से मामले में जमानत मिल गई।

इंडिगो फ्लाइट- India TV Hindi
इंडिगो फ्लाइट Image Source : FILE PHOTO

इंडिगो की फ्लाइट में शराब पीकर यात्री का फिर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना 22 मार्च की है। आरोप है कि यात्री ने दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में नशे की हालत में चालक दल के सदस्यों और सह यात्रियों को अपशब्द कहे। यात्री का नाम जॉन जार्ज डिसूजा और दत्तात्रेय आनंद बापर्डेकर बताया जा रहा है। यात्रियों ने दुबई से फ्लाइट के उड़ान भरते ही शराब निकालकर पीनी शुरू कर दी।

नशे में फ्लाइट में घूमना शुरू कर दिया

इसके बाद जब केबिन क्रू ने देखा तो फ्लाइट में शराब पीने पर पाबंदी की बात उन्हें बताई और समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी ये समझने के बजाय नशे में सीट से उठकर फ्लाइट में घूमना शुरू कर दिया। फिर भी उन्हें जब रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने गाली गलौज की। किसी तरह मुंबई पहुंचने पर इस मामले में केबिन क्रू की शिकायत पर सहार पुलिस थाने में दोनों यात्रियों के खिलाफ IPC 336 एविएशन एक्ट की धारा 21 ,22 ,25 के तहत FIR दर्ज की गई और सुरक्षाकर्मियों की मदद से आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

देश लौटने की खुशी में शराब पी रहे थे

पुलिस के एक अधिकारी ने आज गुरुवार को बताया कि विमान के मुंबई में उतरने के बाद दोनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, यहां उन्हें एक अदालत से मामले में जमानत मिल गई। उन्होंने बताया, "दोनों आरोपी कोल्हापुर और पालघर के नालासोपारा के रहने वाले हैं। वे खाड़ी देश में एक साल काम करने के बाद लौट रहे थे।" अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी देश लौटने की खुशी में शराब पी रहे थे। उन्होंने कहा, "जब अन्य यात्रियों ने उनके हंगामा करने पर आपत्ति जताई, तो उन्होंने उन्हें और बीच-बचाव करने वाले चालक दल के सदस्यों से अपशब्द कहे।" 

विमान में इस साल की ये 7वीं घटना

सहार थाने के अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (अन्य लोगों के जीवन व सुरक्षा को खतरे में डालना) और विमानन नियमों की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह विमान में किसी यात्री के अनुचित व्यवहार करने की इस साल 7वीं घटना है। इससे पहले 11 मार्च को एक व्यक्ति को लंदन से मुंबई आ रहे विमान के शौचालय में धूम्रपान करने और उसके आपातकालीन निकास को खोलने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

ये भी पढ़ें- 

PM मोदी के खिलाफ विपक्ष ने फिर खोला मोर्चा, शरद पवार के घर नेताओं की बैठक; जंतर मंतर पर AAP का प्रोटेस्ट

इस खतरनाक बीमारी से जूझ रहीं नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी, जेल में बंद पति को लिखा भावुक पोस्ट- आपका इंतजार...

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत