1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. विमान हादसों में जान गवां चुकी भारत की बड़ी हस्तियां, यहां देखें पूरी लिस्ट

विमान हादसों में जान गवां चुकी भारत की बड़ी हस्तियां, यहां देखें पूरी लिस्ट

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 13, 2025 06:45 pm IST,  Updated : Jun 13, 2025 06:45 pm IST

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व सीएम का निधन हो गया। हालांकि इससे पहले भी कई भारतीय हस्तियों का विमान हादसे में निधन हो चुका है। आइये देखते हैं इस लिस्ट में किन-किन लोगों का नाम है।

विमान हादसे में गई जान।- India TV Hindi
विमान हादसे में गई जान। Image Source : FILE

नई दिल्ली: अहमदाबाद में 12 जून को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन हो गया। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से सिर्फ एक की जान बच सकी। हालांकि विजय रूपाणी पहली हस्ती नहीं हैं, जिन्होंने विमान हादसे में अपनी जान गंवाई है। हवाई हादसों में अपनी जान गंवाने वाले कुछ शीर्ष नेता और प्रमुख हस्तियों की लिस्ट कुछ इस प्रकार है- 

होमी जहांगीर भाभा (1966): भारत के अग्रणी परमाणु भौतिक विज्ञानी होमी जहांगीर भाभा की 24 जनवरी, 1966 को एयर इंडिया की उड़ान 101 के दुर्घटनाग्रस्त होने से मृत्यु हो हो गई। जिनेवा हवाई यातायात नियंत्रण के साथ गलत संचार के कारण विमान स्विस आल्प्स पर्वत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

संजय गांधी (1980): कांग्रेस नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र संजय गांधी की 23 जून 1980 को एक हवाई दुर्घटना में मृत्यु हो गई। संजय सफदरजंग हवाई अड्डे के पास दिल्ली फ्लाइंग क्लब के एक विमान को उड़ा रहे थे और हवाई कलाबाजी करने का प्रयास करते समय उन्होंने विमान पर से नियंत्रण खो दिया। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से उनकी जान चली गई। 

माधव राव सिंधिया (2001): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधवराव सिंधिया की मृत्यु 30 सितंबर, 2001 को एक विमान दुर्घटना में हुई थी। वह कानपुर जाने के लिए दस सीट वाले एक निजी विमान में सवार थे जो उत्तर प्रदेश में मैनपुरी के पास खराब मौसम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सिंधिया स्वयं पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री थे। 

जीएमसी बालयोगी (2002): लोकसभा अध्यक्ष और तेलुगु देशम पार्टी के नेता जीएमसी बालयोगी की तीन मार्च 2002 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। हादसे के समय वह आंध्र प्रदेश के पश्चिमी गोदावरी जिले के भीमावरम से आ रहे थे तभी उनका हेलीकॉप्टर कृष्णा जिले के कैकालूर के निकट दुर्घटनाग्रस्त होकर एक तालाब में गिर गया। 

साइप्रियन संगमा (2004): मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री साइप्रियन संगमा और नौ अन्य लोग पवन हंस हेलीकॉप्टर से 22 सितंबर 2004 को गुवाहाटी से शिलांग जा रहे थे। इसी बीच उनका हेलीकॉप्टर राज्य की राजधानी से मात्र 20 किलोमीटर दूर बारापानी झील के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। 

के एस सौम्या (2004): सौंदर्या के नाम से मशहूर दक्षिण भारतीय अभिनेत्री के एस सौम्या की 17 अप्रैल 2004 को एक हवाई दुर्घटना में मौत हो गई थी। दुर्घटना के समय ‘सूर्यवंशम’ फिल्म की अभिनेत्री अपने भाई के साथ बेंगलुरु से करीमनगर जा रही थीं। 

ओपी जिंदल और सुरेंद्र सिंह (2005): उद्योगपति और हरियाणा के मंत्री ओम प्रकाश जिंदल और कृषि मंत्री सुरेन्द्र सिंह की 2005 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनका हेलीकॉप्टर दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा था, तभी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

वाई एस रेड्डी (2009): आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी (2009), जिन्हें वाईएसआर के नाम से जाना जाता था, की मृत्यु 2 सितंबर 2009 को एक हेलीकॉप्टर हादसे में हुई। यह हादसा तब हुआ जब उनका बेल 430 हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण घने नल्लामाला जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 

दोरजी खांडू (2011): अरुणाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री दोरजी खांडू और चार अन्य की 30 अप्रैल 2011 को उस समय मृत्यु हो गई थी, जब उन्हें तवांग से ईटानगर ले जा रहा हेलीकॉप्टर राज्य के पश्चिमी कामेंग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। 

सीडीएस जनरल बिपिन रावत (2021): भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की आठ दिसंबर, 2021 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। यह घटना तमिलनाडु के कुन्नूर के पास हुई, जब वह अपनी पत्नी और 11 अन्य लोगों के साथ सुलूर से वेलिंगटन जा रहे थे। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत