1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'आज हमारे लिए होली है', मुख्तार अंसारी की मौत पर कृष्णानंद राय की पत्नी का बयान

'आज हमारे लिए होली है', मुख्तार अंसारी की मौत पर कृष्णानंद राय की पत्नी का बयान

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Mar 29, 2024 11:50 am IST,  Updated : Mar 29, 2024 11:50 am IST

बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की नवंबर 2005 में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। अदालत ने इस हत्या के मामले में अंसारी को 10 साल कैद की सजा सुनाई थी।

मुख्तार की मौत बोलीं अलका राय।- India TV Hindi
मुख्तार की मौत बोलीं अलका राय। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया और बाद में राजनेता बने मुख्तार अंसारी की मौत हो गई है। गुरुवार की रात बांदा जेल में बंद मुख्तार की तबीयत अचानक से बिगड़ गई जिसके बाद उसे बांदा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। हालांकि, यहां दिल का दौरा पड़ने से मुख्तार की मौत हो गई। मुख्तार अंसारी का नाम साल 2005 में उत्तर प्रदेश में भाजपा के तत्कालीन विधायक कृष्णानंद राय की हत्या में शामिल था। अब कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने भी मुख्तार अंसारी की मौत पर बयान जारी किया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा।

आज हमारे लिए होली है- अलका राय

मुख्तार अंसारी की मौत पर पूर्व भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय का भी बयान सामने आ गया है। उन्होंने इस मामले में कहा- मैं क्या कह सकती हूं? यह भगवान का आशीर्वाद है। मैं न्याय के लिए उनसे प्रार्थना करती थी और आज न्याय मिल गया है। हमें घटना (हत्या) के बाद कभी होली नहीं मनाई। मुझे लगा कि आज हमारे लिए होली है।

बेटे का बयान भी आया

मुख्तार अंसारी द्वारा मारे गए पूर्व भाजपा विधायक कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष राय ने भी मुख्तार अंसारी की मौत पर बयान दिया है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पीयूष राय ने कहा है कि मुझे और मेरी मां को बाबा विश्वनाथ और बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद मिला है। आपको बता दें कि 29 अप्रैल 2023 को गाजीपुर सांसद/विधायक अदालत ने भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में अंसारी को 10 साल कैद की सजा सुनाई थी।

कैसे हुई थी कृष्णानंद राय की हत्या?

बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की नवंबर 2005 में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय और उनके 6 अन्य साथियों को गोलियों से छलनी कर दिया था। हमलावरों ने 6 एके-47 राइफलों से 400 से ज्यादा गोलियां चलाई थीं। इस हमले का एक महत्वपूर्ण गवाह शशिकांत राय 2006 में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया था। उसने कृष्णानंद राय के काफिले पर हमला कराने का आरोप मुख्तार अंसारी और मुन्ना बजरंगी पर लगाया था। इस हत्याकांड से यूपी की सियासत में काफी ऊबाल आया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत