1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर ‘अभद्र’ टिप्पणी करने के मामले में FIR दर्ज, NCW ने की थी मांग

शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर ‘अभद्र’ टिप्पणी करने के मामले में FIR दर्ज, NCW ने की थी मांग

 Reported By: Manish Prasad, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 13, 2024 02:12 pm IST,  Updated : Jul 13, 2024 02:12 pm IST

दिल्ली पुलिस ने शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में FIR दर्ज कर ली है। बता दें के NCW ने स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी।

captain anshuman singh, Indian Army- India TV Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत कैप्टन अंशुमान सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया था। Image Source : FILE

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन’ (IFSO) सेल ने कीर्ति चक्र से सम्मानित (मरणोपरांत) कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी स्मृति सिंह पर ‘X’ पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने को लेकर FIR दर्ज की है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सोमवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले में दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय न्याय संहिता अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत IFSO यूनिट में FIR दर्ज की गई है।

सोशल मीडिया पर मचा था उबाल

पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी उस ‘हैंडल’ के बारे में जानकारी देने के लिए संपर्क किया गया है जिससे कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। बता दें कि इन अभद्र टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी उबाल मचा था और लोगों ने ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। बता दें कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत कैप्टन अंशुमान सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया। उन्होंने अपने शौर्य का परिचय देते हुए भयावह आग की लपटों के बीच कई लोगों को बचाकर अपना अदम्य साहस दिखाया था।

क्या हुआ था 19 जुलाई 2023 को

19 जुलाई 2023 को सियाचिन ग्लेशियर में भारतीय टेंटों में आग लग गई थी। इस आग में कई लोग फंस गए थे, लेकिन रेजिमेंटल मेडिकल ऑफिसर कैप्टन अंशुमान सिंह कई लोगों को बचाने के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए। अंशुमान की शादी घटना से सिर्फ 5 महीने पहले ही हुई थी। उनकी मां और पत्नी ने इस सम्मान को ग्रहण किया। अंशुमान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे। कीर्ति चक्र सम्मान मिलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके परिवार से मुलाकात की थी। हाल ही में कैप्टन अंशुमान सिंह का परिवार अलग-अलग कारणों से चर्चा में रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत