1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक वाले बयान पर गिरिराज सिंह का पलटवार, जानिए क्या दिया जवाब?

दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक वाले बयान पर गिरिराज सिंह का पलटवार, जानिए क्या दिया जवाब?

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jan 23, 2023 07:17 pm IST,  Updated : Jan 23, 2023 07:26 pm IST

गिरिराज सिंह ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि 'बाटला हाउस काउंटर में इनके आंसू इतने गिरे कि वे ओसामा बिन लादेन को ओसामाजी कहते हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को सम्मान देती है।

गिरिराज सिंह - India TV Hindi
गिरिराज सिंह Image Source : FILE

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सेना के शौर्य को गाली न दें। कांग्रेस की जुबान पाकिस्तान जैसी है। इंडिया टीवी से चर्चा में उन्होंने कहा कि 'जहां तक सर्जिकल पर दि​ग्विजय सिंह के बयान का सवाल है, मैं उन्हें कहना चाहूंगा कि वे चाहे जितना मोदी को गाली दें, लेकिन सैनिकों को नहीं। जब सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत दे दिया, फिर भी वे सेना के शौर्य पर सवाल उठा रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा पर ये बोले गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि 'बाटला हाउस काउंटर में इनके आंसू इतने गिरे कि वे ओसामा बिन लादेन को ओसामाजी कहते हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को सम्मान देती है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं, टुकड़े टुकड़े यात्रा है।

कांग्रेस ने दिग्विजय के बयान से पल्ला झाड़ा

उधर, सर्जिकल स्ट्राइक पर दिग्विजय सिंह के बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट करके दिग्विजय के बयान को उनके व्यक्तिगत विचार बताया है। कांग्रेस का कहना है कि राष्ट्रहित में सेना की सभी कार्रवाइयों का हम समर्थन करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। साल 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक किया था। 

सिंधिया ने भी दिग्विजय पर साधा निशाना

इस बारे में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्वीट में दिग्वि​जय सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि 'जिस भारतीय सेना के प्रयासों, उनकी देश भक्ति और बलिदान के कारण आज आप और पूरा देश सुरक्षित है, उन्हीं पर सवाल उठाकर आपने भारत माता का अपमान किया।' 

क्या कहा था दिग्विजय सिंह ने? 

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पुलवामा और सर्जिकल स्ट्राइक का मामला उठाया। सिंह ने सरकार से पूछा- 'पुलवामा में हमारे 40 जवान शहीद हुए थे...सरकार इसका खुलासा नहीं कर पाई...आखिर ये आरडीएक्स आया कहां से? सरकार अभी तक इस बात का जवाब नहीं दे पाई कि देवेंद्र सिंह डिप्टी एसपी कहां हैं? उसे क्यो छोड़ दिया गया? उस पर देशद्रोह का केस क्यों नहीं लगा? पीएम और पाक पीएम के क्या संबध हैं? कैसे संबध हैं। दोनों एक दूसरे की तरीफ कर रहे हैं।' 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक मंच से केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने आज तक संसद के सामने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक या 2019 के पुलवामा आतंकी हमले पर रिपोर्ट पेश नहीं की है। सरकार लगातार झूठ बोलती रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कोई सबूत नहीं दिखाया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत