1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-UP और बिहार में अभी और झुलसाएगी गर्मी, पारा पहुंचेगा 46 के पार, जानिए कब होगी मानसून की पहली बारिश?

दिल्ली-UP और बिहार में अभी और झुलसाएगी गर्मी, पारा पहुंचेगा 46 के पार, जानिए कब होगी मानसून की पहली बारिश?

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 10, 2024 08:06 am IST,  Updated : Jun 10, 2024 08:09 am IST

उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। बढ़ते तापमान के साथ ही दिन के समय लू (Heatwave) भी चल रही है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक पहले ही दे दी है। दिल्ली-NCR के लोग मानसून की पहली बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को बारिश का इंतजार- India TV Hindi
बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को बारिश का इंतजार Image Source : FILE PHOTO-PTI

उत्तर भारत के अधिकतर राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसढ़ और बिहार में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। बढ़ते तापमान के साथ ही दिन के समय लू (Heatwave) भी चल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार से गुरुवार तक राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को दिल्ली और NCR के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति फिर से लौट आई है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से तापमान बढ़ेगा और भीषण गर्मी रहेगी।  

दिल्ली में 46 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार करेगा।  मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.64 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी के साथ ही दिन के समय लू भी चलने का अनुमान जताया गया है।

बिहार के इन जिलों में झुलसाने वाली गर्मी

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बिहार का राजधानी पटना में 43 डिग्री से अधिक तापमान के साथ ही दिन के समय लू चल रही है। स्थानीय मौसम विभाग ने वैशाली, सासाराम, सीवान, गोपालगंज और सहरसा जिले के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी पटना समेत इन सभी जिलों में अगले तीन दिनों तक गर्मी झुलसाएगी। 

देश के इन हिस्सों में हो रही झमाझम बारिश

कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के दूसरे हिस्सों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। इन सभी राज्यों के जिलों में 15 जून तक गरज और चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

दिल्ली और यूपी में कब होगी मानसून की पहली बारिश?

दक्षिण के कई राज्यों में मानसून आ चुका है। इसके चलते केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून जून के अंतिम दिनों में आने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में 27 जून तक मानसून आ सकता है। उत्तर प्रदेश में मानसून की पहली बारिश 24 से 25 के बीच हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत