उत्तराखंड में टिहरी जिले के धनोल्टी क्षेत्र में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। इसके बाद पानी और मलबा बिलौंदी पुल बाजार की कई दुकानों और घरों में घुस गया जबकि नगुण-भवान-देहरादून हाईवे के अवरूद्ध होने के कारण राज्य के एक मंत्री और एक विधायक भी एक घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे।
1 घंटे तक फंसी रहीं मंत्री और विधायक की गाड़ियां
धनोल्टी तहसील के नौघर गांव में दोपहर को अचानक तेज बारिश हुई जिससे अलगाड़ नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। बारिश का पानी बिलौंदी पुल बाजार में दुकानों और घरों में भर गया। सड़क पर भी भारी मात्रा में मलबा जमा होने से नगुण-भवान-देहरादून स्टेट हाईवे काफी देर तक अवरुद्ध रहा जिसके कारण मार्ग से गुजर रहे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार की गाड़ियां वहां लगभग एक घंटे तक फंसी रहीं।
नगुण-भवान-देहरादून मार्ग पर मलबा भरने से यातायात अवरूद्ध
बिलौंदी पुल बाजार की दुकानों में पानी घुसने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक अंबुज चौधरी ने बताया कि दोपहर बाद करीब 3-4 बजे के बीच क्षेत्र में बहुत तेज बारिश हुई और इस दौरान बारिश का पानी मलबे के साथ दुकानों में घुस गया। चौधरी ने बताया कि नगुण-भवान-देहरादून मार्ग पर पानी और मलबा भरने से यातायात अवरूद्ध हो गया जिसे जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर सुचारू किया गया।
उत्तरकाशी का दौरा कर देहरादून जा रहे थे मंत्री
उपजिलाधिकारी नीलू चावला ने बताया कि बारिश का पानी और मलबा बिलोदी के पास करीब 10 दुकानों में घुस गया। बिलौदी पुल में सड़क पर मलबा भरने के कारण वहां से गुजर रहे चौधरी और पंवार एक घंटे से भी ज्यादा समय तक फंसे रहे। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी उत्तरकाशी का दौरा कर देहरादून जा रहे थे।
यह भी पढ़ें-
Video: केदारनाथ में पिट्ठू की सवारी कर रहे शख्स पर भड़के यूजर्स, मजदूर की मेहनत देख पसीजा दिल