1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचलः मूसलाधार बारिश से जनजीवन पर भारी असर, फॉरेस्ट सर्विस की परीक्षा स्थगित, इन इलाकों में ट्रेन सेवाएं सस्पेंड

हिमाचलः मूसलाधार बारिश से जनजीवन पर भारी असर, फॉरेस्ट सर्विस की परीक्षा स्थगित, इन इलाकों में ट्रेन सेवाएं सस्पेंड

 Published : Sep 02, 2025 04:27 pm IST,  Updated : Sep 02, 2025 04:31 pm IST

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। साथ ही स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। प्रदेश में बुधवार को भी तेज बारिश होगी।

मूसलाधार बारिश से जनजीवन पर भारी असर- India TV Hindi
मूसलाधार बारिश से जनजीवन पर भारी असर Image Source : PTI

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण रेल सेवा स्थगित कर दी गई, छह राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 1,311 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं और स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। वहीं, हिमाचल फॉरेस्ट सर्विस की परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। 

5 अक्तूबर तक परीक्षा रद्द

हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने बताया कि वन विभाग के एसीएफ पद के लिए 7-09-2025 को होने वाली परीक्षा को खराब मौसम के कारण 5 अक्तूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विभाग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस समय भयावह आपदा से जूझ रहा है। इन परिस्थितियों में हिमाचल प्रदेश फॉरेस्ट सर्विस (प्रारंभिक) परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए परीक्षा देना बेहद चुनौतीपूर्ण होता।  सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मुझे आपके संदेश प्राप्त हुए, जिनमें परीक्षा स्थगित करने की मांग की गई थी। आपकी भावनाओं और कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए, परीक्षा को स्थगित करके आगे की तिथि में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। अनुरोध है कि आप अपनी तैयारी जारी रखें।"

बारिश के कारण रेल सेवा स्थगित 

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को शिमला-कालका रेलमार्ग पर भूस्खलन के बाद रेलगाड़ियां रद्द कर दी गईं। यह सेवा पांच सितंबर तक स्थगित रहेगी। राज्य के मंडी में 289, शिमला में 241, चंबा में 239, कुल्लू में 169 और सिरमौर जिले में 127 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 3 (मंडी-धरमपुर रोड), एनएच 305 (औट-सैंज), एनएच 5 (ओल्ड हिंदुस्तान-तिब्बत रोड), एनएच 21 (चंडीगढ़-मनाली रोड), एनएच 505 (खाब से ग्रामफू रोड) और एनएच 707 (हाटकोटी से पोंटा) अवरुद्ध हो गए हैं।  

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए राज्य के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और अगले दिन भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। 

सोमवार को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत नौ जिलों के स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया गया। मंगलवार को शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, लाहौल एवं स्पीति और सोलन जिलों के अलावा कुल्लू जिले के बंजार, कुल्लू और मनाली उपमंडल में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले में फंसे लगभग 5,000 मणिमहेश तीर्थयात्रियों को वापस घर भेजने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 16 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है।  

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत