1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आईएमडी की भविष्यवाणी-ठंड के बाद अब गर्मी झेलने को रहें तैयार, जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

आईएमडी की भविष्यवाणी-ठंड के बाद अब गर्मी झेलने को रहें तैयार, जानिए कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Feb 18, 2023 08:48 am IST,  Updated : Feb 18, 2023 09:11 am IST

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि इस बार फरवरी में ही गुजरात के भुज इलाके का तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जानिए आज कैसा रहेगा दिल्ली-मुंबई, बिहार-यूपी सहित अन्य राज्यों में तापमान-

IMD Alert- India TV Hindi
मौसम विभाग की भविष्यवाणी Image Source : FILE PHOTO

Weather Update Today: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड अब बस जाने को है लेकिन इस साल गर्मी भी ज्यादा सताएगी, ऐसा मौसम विभाग का कहना है। फरवरी आधी बीत चुकी है और अब दिन में सूरज की किरणें सताने लगी हैं। सुबह को मौसम थोड़ा खुशनुमा रहता है लेकिन दिन चढ़ते ही धूप की वजह से गर्मी का एहसास हो रहा है। दिल्ली-बिहार-यूपी-एमपी सहित मैदानी राज्यों में अब धीरे-धीरे तापमान में रोज बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में अगले दो-तीन दिनों तक कोई खास बदलाव तो नहीं दिखेगा लेकिन उसके बाद तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ने लगेगी। 

पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ेगा तापमान 

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज और कल हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा अंडमान निकोबार और कुछ दक्षिणी राज्यों में भी अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं, पंजाब और हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर शनिवार, 18 फरवरी  को न्यूनतम तापमान के सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। 

दिल्ली, बिहार-यूपी और झारखंड सहित मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। सुबह में हल्की धुंध और बादल दिखाई देते हैं तो वहीं दिन चढ़ते ही धूप का तीखापन गर्मी का एहसास करा रहा है। रात में तापमान गिरने से हल्की ठंड रहती है। हालांकि दिल्ली में शुक्रवार की रात को न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई और लोगों को गर्मी लग रही थी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह से तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है।

फरवरी में ही यहां 40 डिग्री हो जाएगा तापमान

गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश सहित कुछ राज्यों में दिन का तापमान बढ़ता जा रहा है, मौसम विभाग के मुताबिक कुछ राज्यों में कल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।  विभाग ने गुजरात के भुज जिले के लिए फरवरी में तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की भविष्यवाणी की है। बता दें कि इससे पहले फरवरी में भुज में अधिकतम तापमान 28 फरवरी 1953 को 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में हवा में बढ़ते प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

मौसम  विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली  में शनिवार, 18 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं रविवार, 19 फरवरी से तापमान में  बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। विभाग की जानकारी के मुताबिक अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, गर्मी में इजाफा होने के साथ ही दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ना शुरू हो गया है। दिल्ली  में शुक्रवार की सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता  एक्यूआई 279 दर्ज की गई, जो खराब में आती है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत