1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात में 46 डिग्री तक पहुंचा पारा, 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, बिहार-झारखंड में बारिश के साथ पड़ेंगे ओले

गुजरात में 46 डिग्री तक पहुंचा पारा, 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, बिहार-झारखंड में बारिश के साथ पड़ेंगे ओले

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Apr 10, 2025 07:03 am IST,  Updated : Apr 10, 2025 07:18 am IST

दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में आज भी भीषण गर्मी पड़ेगी। इसके लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार-झारखंड समेत करीब 9 राज्यों में बारिश की संभावना है।

9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट- India TV Hindi
9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट Image Source : PTI

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में सूरज की तपिस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। दिल्ली के लोगों को आज भी गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। हालांकि शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

इन राज्यों में आज भी पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा और महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे के दौरान लू की स्थिति रहेगी और गर्म हवाएं भी चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में 03 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि और अधिकतम तापमान में 01 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच है। 

यहां पर आसमान से बरस रही है 'आग'

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान 43-46 डिग्री के आस-पास दर्ज की जा रहा है। गुजरात के कांडला में बुधवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया जोकि उत्तर भारत में सबसे ज्यादा है। राजस्थान के बाड़मेर में 44.3 डिग्री और पिलानी में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह महाराष्ट्र के अकोला और जलगांव में तापमान 43.7 डिग्री दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के रतलाम में तापमान 44.2 डिग्री दर्ज हुआ। 

 

बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, केरल, माहे, तेलंगाना, कर्नाटक और मध्य भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार और झारखंड में 10 अप्रैल यानी आज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, मेघायल और सिक्किम में कल बारिश हो सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत