Highlights
- विदेश मंत्रालय ने कहा, शेख हसीना के कार्यक्रम से सरकार का कोई संबंध नहीं है।
- भारत ने कहा, निजी संस्था के मंच पर व्यक्त विचारों का सरकार समर्थन नहीं करती।
- भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का निमंत्रण भेजा।
नई दिल्ली: भारत सरकार ने पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रस्तावित मीडिया कार्यक्रम को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। विदेश मंत्रालय यानी कि MEA ने कहा है कि इस कार्यक्रम से सरकार का किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। साथ ही विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि सरकार इस मंच पर व्यक्त किए जाने वाले किसी भी विचार का समर्थन भी नहीं करती। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि जिस कार्यक्रम का जिक्र किया जा रहा है, उसका आयोजन एक निजी मीडिया संस्था कर रही है और इसमें भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
5 अगस्त को होना है शेख हसीना का संबोधन
प्रेस ब्रीफिंग में जायसवाल ने कहा, 'यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा है। सरकार का इससे किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है और न ही सरकार इस मंच पर व्यक्त किए जाने वाले विचारों का समर्थन करती है।' रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 अगस्त को नई दिल्ली स्थित फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया के कार्यक्रम में शेख हसीना का वर्चुअल संबोधन प्रस्तावित है। बांग्लादेश ने इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भारत के सामने अपनी चिंता जताई है। बांग्लादेश का कहना है कि इस कार्यक्रम का असर दोनों देशों के बीच हाल के समय में बेहतर हुए रिश्तों पर पड़ सकता है। बता दें कि शेख हसीना पिछले वर्ष ढाका छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं।
भारत-बांग्लादेश बैठक में भी उठा था मुद्दा
बता दें कि यह मामला सोमवार को हुई बैठक में भी उठा। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर और ढाका में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के बीच हुई मुलाकात में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। एक अन्य सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा जा चुका है।
BRICS समिट के लिए बांग्लादेश को न्योता
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने बिम्सटेक (BIMSTEC) का वर्तमान अध्यक्ष होने के नाते प्रधानमंत्री तारिक रहमान को 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS समिट के आउटरीच सत्र में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह निमंत्रण BRICS की सामान्य परंपरा के तहत भेजा गया है। आउटरीच सत्र के लिए अन्य क्षेत्रीय संगठनों के प्रमुखों को भी इसी तरह आमंत्रित किया गया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि बांग्लादेश के PM तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि निमंत्रण को विचार के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दिया गया है और अंतिम फैसला प्रधानमंत्री करेंगे।
12-13 सितंबर को होगा ब्रिक्स समिट
भारत की मेजबानी में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न देशों और क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। (ANI से इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा, शेख हसीना को फोन करने पर मचा था बवाल