Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज के दिन हुई थी जापान के पूर्व PM की हत्या, शिंजो आबे और पीएम मोदी के बीच ऐसे थे संबंध

आज के दिन हुई थी जापान के पूर्व PM की हत्या, शिंजो आबे और पीएम मोदी के बीच ऐसे थे संबंध

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Jul 08, 2024 05:15 pm IST, Updated : Jul 08, 2024 05:15 pm IST

2007 में पहली बार तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे की मुलाकात हुई थी। इसके बाद मोदी साल 2012 में जापान के दौरे पर गए थे। हालांकि, उस वक्त शिंजो आबे जापान के प्रधानमंत्री नहीं थे। लेकिन, उस दौरान मोदी ने आबे से मुलाकात की थी।

shinzo abe and pm modi- India TV Hindi
Image Source : X- @MODIARCHIVE शिंजो आबे और प्रधानमंत्री मोदी

दो साल पहले 8 जुलाई को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की नारा शहर में हत्या कर दी गई थी, जब वह एक रैली को संबोधित कर रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी ने आबे की हत्या पर दुख भी जताया था। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के पूर्व पीएम आबे की दोस्ती जगजाहिर है। दोनों के बीच मित्रता तब हुई थी, तब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। नरेंद्र मोदी ने सीएम रहते हुए भारत-जापान के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने का काम किया। इसके बाद जब 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, तब उन्होंने सबसे पहले जापान के पूर्व पीएम को अपना इंटरनेशनल दोस्‍त बनाया।

'मोदी आर्काइव' ने शेयर की फोटो

इसी बीच 'मोदी आर्काइव' नाम के एक्स सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री मोदी और जापान के पूर्व पीएम दिवंगत शिंजो आबे की कुछ पुरानी फोटो शेयर की गई है। फोटो साल 2007 की है, जब पहली बार तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे की मुलाकात हुई थी। इसके अलावा फोटो में देखा जा सकता है कि 2017 में पीएम मोदी ने आबे को लोकप्रिय रेडियो शो 'मन की बात' पर आधारित एक पुस्तक भी भेंट की थी।

...जब शिंजो आबे से मिलने दिल्ली आए थे नरेंद्र मोदी

नरेंद्र मोदी साल 2012 में जापान के दौरे पर गए थे। हालांकि, उस वक्त शिंजो आबे जापान के प्रधानमंत्री नहीं थे। लेकिन, उस दौरान नरेंद्र मोदी ने आबे से मुलाकात की थी। कुछ समय बाद शिंजो आबे फिर से जापान के प्रधानमंत्री बने, तब नरेंद्र मोदी ने उन्हें टेलीफोन के जरिए बधाई दी थी। साल 2014 में गणतंत्र दिवस के अवसर आबे मुख्य अतिथि के तौर पर हिंदुस्तान आए थे। हालांकि, प्रोटोकॉल के चलते वह गुजरात नहीं जा पाए थे। ऐसे में नरेंद्र मोदी अपने दोस्त से मिलने राजधानी दिल्ली खुद आ गए थे।

आबे-मोदी ने दशाश्वमेध घाट पर की थी पूजा-अर्चना 

2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद अगस्त-सितंबर माह में जापान के दौरे पर गए थे। जहां पीएम मोदी का शाही महल में शानदार तरीके से स्वागत किया गया। भारत और जापान की दोस्ती की खास तस्वीर पूरी दुनिया के सामने उस वक्त आई, जब दिसंबर 2015 में तत्कालीन जापान के पीएम आबे भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। जहां दोनों नेताओं ने दशाश्वमेध घाट पर पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में शामिल हुए थे। उस वक्त दोनों नेताओं की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब वायरल भी हुई थी। इसके बाद 2017 में शिंजो आबे फिर से भारत दौरे पर पहुंचे थे। पीएम मोदी खुद उनकी अगवानी करने अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे।  

कोविड के दौरान जापान ने मदद देने का किया था ऐलान

इसके अलावा भारत को जापान द्वारा बुलेट ट्रेन की सौगात देने के ठीक अगले दिन दोनों नेताओं ने गुजरात में रोड शो भी किया था। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंका था। इतना ही नहीं कोविड महामारी के दौरान जापान ने भारत को हरसंभव मदद देने का भी ऐलान किया था।

यह भी पढ़ें-

रूस यात्रा पर रवाना हुए पीएम मोदी, 5 साल बाद कर रहे दौरा, राष्ट्रपति पुतिन के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

महिलाओं को पीरियड्स की छुट्टी दी जाए या नहीं...इस मुद्दे पर SC ने सरकार को जारी किया निर्देश

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement