1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Jharkhand Crime News: 1 महीने पहले लापता हुए दुकानदार का कंकाल मिला, रिश्तेदार ने ही कराई थी सुपारी देकर हत्या

Jharkhand Crime News: 1 महीने पहले लापता हुए दुकानदार का कंकाल मिला, रिश्तेदार ने ही कराई थी सुपारी देकर हत्या

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 22, 2022 07:22 pm IST,  Updated : Aug 22, 2022 07:24 pm IST
Murder- India TV Hindi
Murder Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

Jharkhand Crime News: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड से एक महीने पहले किडनैप हुए किराना दुकानदार लव मंडल का कंकाल एक पहाड़ी के पास झाड़ियों से बरामद किया गया है। दुकानदार के भाई विमल मंडल ने कंकाल के पास मिले कपड़ों और चप्पल के आधार पर उसकी शिनाख्त की है। दुकानदार के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। तीनों ने स्वीकार किया है कि दुकानदार की हत्या सुपारी लेकर की गई थी।

21 जुलाई से लापता था दुकानदार

लव मंडल बीते 21 जुलाई को अपने दो बेटों को विद्या भारती इंग्लिश स्कूल छोड़ने पहुंचे थे। इसके बाद से वह लापता थे। घरवालों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत की थी। कई दिनों के बाद भी पता न चलने पर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने मामले की तफ्तीश के दौरान तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने दुकानदार का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या की बात कबूल ली।

रिश्तेदार ने दी थी हत्या की सुपारी
उनकी ही निशानदेही पर विद्या भारती स्कूल से थोड़ी दूरी पर स्थित पहाड़ी के पास उसका कंकाल बरामद किया गया। कंकाल लव मंडल का ही है, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस ने DNA टेस्ट कराने का फैसला लिया है। फिलहाल कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक उनके अपहरण और हत्या की सुपारी रिश्तेदार ने ही दी थी। तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस दुकानदार के छोटे भाई की पत्नी मिताली मंडल को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

8 साल के बच्चे की हत्या के आरोप में मौसा धरा गया
ऐसा ही रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक और मामला पंजाब के लुधियाना से सामने आया है। यहां अगवा कर लिए गए 8 साल के एक लड़के का शव रविवार को एक नहर से बरामद किया गया और उसकी हत्या के आरोप में उसके मौसे को गिरफ्तार किया गया। अब्दुल्लापुर बस्ती में सहजप्रीत अपने घर से गायब हो गया था और उसके मौसा स्वर्ण सिंह ने उसे नहर में धकेल दिया था। यहां से करीब 35 किलोमीटर दूर सरहिंद नहर में उसका शव मिला। पुलिस ने कहा कि बच्चे के मौसा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसके मुताबिक बच्चे के परिवार को उसके गायब होने में उसके मौसा की भूमिका होने का संदेह था।

आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि बच्चे की मां को सबक सिखाने के लिए वह यह नृशंस कदम उठाने के लिए बाध्य हुआ क्योंकि बच्चे की मां अपनी बहन यानी उसकी पत्नी के साथ मिलकर यह कहकर उसे अक्सर नाराज कर देती थी कि उसका अपनी बीमार बुजुर्ग मां के प्रति बहुत ज्यादा जुड़ाव है। उसने पुलिस से कहा कि अपमानित महसूस होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को बच्चा लापता हो गया था जिसके बाद रविवार को नहर में उसका शव मिला।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत