बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में केरल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा की चल रही केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अब खत्म हो गई है और बैठक में तय हुआ है कि भाजपा केरल में कुल 100 सीट पर चुनाव लड़ेगी। मिजोरम के पूर्व राज्यपाल रहे कुंमनम राजशेखरन अरनमुला सीट से चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में असम चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। पश्चिम बंगाल की बची हुई सीटों को लेकर चर्चा हुई। केरल की बची हुई सीटों को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा हुई और बची हुई सीटों पर कौन कौन होगा उम्मीदवार, इसका ऐलान कल यानि गुरुवार को हो सकता है।
पहली सूची में कुल 47 उम्मीदवारों के नाम
भाजपा ने सोमवार को अपने 47 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी थी जिसमें पार्टी ने मंजेश्वर सीट से के. सुरेंद्रन और नेमम से पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को भाजपा ने चुनावी मैदान में उतारा है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में संपन्न हुई थी और इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।
भाजपा की सहयोगी ट्वेंटी-20 पार्टी ने जारी की चौथी लिस्ट
केरल में भाजपा की सहयोगी ट्वेंटी-20 पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी कर दी है। किझक्कंबलम स्थित किटेक्स कपड़ा कंपनी से संबद्ध यह पार्टी हाल ही में एनडीए में शामिल हुई है। पार्टी अध्यक्ष और किटेक्स समूह के प्रमुख साबू एम जैकब ने पार्टी के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जिसमें अंगमाली, त्रिपुनिथुरा, पेरुम्बावूर और एट्टुमानूर सीटों पर चुनाव लड़ने वालों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने पेरुम्बावूर से अभिनेत्री लक्ष्मी प्रिया को उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं अभिनेत्री अंजली नायर को त्रिपुनिथुरा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।