1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ में मारे गए लोगों में से 7 उत्तर प्रदेश और 3 दिल्ली के

वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ में मारे गए लोगों में से 7 उत्तर प्रदेश और 3 दिल्ली के

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 01, 2022 07:56 pm IST,  Updated : Jan 01, 2022 07:59 pm IST

दिल्ली के तीन श्रद्धालुओं की पहचान आकाश कुमार (29), सोनू पांडे (24) और विनय कुमार (24) के रूप में हुई है।

VAISHNO DEVI, VAISHNO DEVI temple, stampede at vaishno devi temple- India TV Hindi
त्रिकुटा की पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ में जान गंवाने वाले 12 लोगों में से 7 श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के थे। Image Source : PTI

Highlights

  • वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ में जान गंवाने वाले 12 लोगों में से 7 श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के और 3 दिल्ली के थे।
  • घटना में घायल 16 लोगों को ककरियाल में श्री माता वैष्णो देवी नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
  • भगदड़ में मारे गए दो अन्य श्रद्धालु ममता (38) और धीरज कुमार (26) क्रमश: हरियाणा और जम्मू कश्मीर के थे।

जम्मू: जम्मू कश्मीर में रियासी जिले के त्रिकुटा की पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ में जान गंवाने वाले 12 लोगों में से 7 श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के और 3 दिल्ली के थे। अधिकारियों ने बताया कि दो अन्य श्रद्धालु ममता (38) और धीरज कुमार (26) क्रमश: हरियाणा और जम्मू कश्मीर के थे। त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में शनिवार तड़के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा घायल हो गए।

प्राधिकारियों द्वारा जारी मृतकों की सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं की पहचान श्वेता सिंह (35), धरमवीर सिंह (35), विनीत कुमार (38), अरुण प्रताप सिंह (30), मोनु शर्मा (32), मोहिंदर गौड़ (26) और नरेंद्र कश्यप (40) के रूप में हुई है। दिल्ली के तीन श्रद्धालुओं की पहचान आकाश कुमार (29), सोनू पांडे (24) और विनय कुमार (24) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि घटना में घायल 16 लोगों को ककरियाल में श्री माता वैष्णो देवी नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भर्ती कराए गए लोगों में से 6 को आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के रत्नेश पांडे (25) और आशीष कुमार जायसवाल (25), राजस्थान के प्रशांत हाडा (30), नितिन गर्ग (30), जम्मू की आद्या महाजन (16) और साहिल कुमार (22), दिल्ली की शिवानी (25), सरिता (42), मध्य प्रदेश के भवर लाल पाटीदार (47) और पंजाब के सुमित (29) का इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल से जिन लोगों को छुट्टी दे दी गयी है, उनमें मुंबई और दिल्ली के दो लोग तथा जम्मू और हरियाणा का एक-एक श्रद्धालु शामिल है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत