1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख में सिर्फ एक शराब की दुकान चालू, सोनम वांगचुक के आरोपों पर प्रशासन सख्त, कहा-अफवाह न फैलाएं

लद्दाख में सिर्फ एक शराब की दुकान चालू, सोनम वांगचुक के आरोपों पर प्रशासन सख्त, कहा-अफवाह न फैलाएं

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 28, 2026 01:46 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 01:51 pm IST

लद्दाख में शराब की दुकानें और बार बढ़ाने के आरोपों पर केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन ने सोनम वांगचुक के दावों को गलत और भ्रामक बताया है। प्रशासन के मुताबिक, पूरे लद्दाख में फिलहाल केवल एक शराब की दुकान संचालित है।

विनय सक्सेना, एलजी- India TV Hindi
विनय कुमार सक्सेना, एलजी लद्दाख Image Source : PTI

लेह: लद्दाख में शराब की दुकानों और बार की संख्या बढ़ाने के  सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आरोपों पर प्रशासन का जवाब सामने आया है। लद्दाख प्रशासन ने वांगचुक के दावों को गलत, निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि पूरे लद्दाख में फिलहाल केवल एक शराब की दुकान चालू है। प्रशासन ने वांगचुक को सलाह दी है कि वह सार्वजनिक बयान देने से पहले आधिकारिक स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि करें और अफवाह फैलाने से बचें। लद्दाख प्रशासन की ओर से इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।

एलजी पर लगाया था मनमानी का आरोप

दरअसल, सोनम वांगचुक ने 22 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के लद्दाख भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि लेफ्टिनेंट गवर्नर मनमानी कर रहे हैं, लद्दाख में शराब को जबरदस्ती बढ़ाया जा रहा है, दो महीने पहले हर जगह शराब की दुकानें खोलने का फैसला किया गया था और विरोध के बावजूद हर गली, मोहल्ले व विद्यालय के पास बार खोले जा रहे हैं। 

वाइन शॉप खोलने का प्रस्ताव रद्द

प्रेस विज्ञप्ति में यह कहा गया कि नई आबकारी नीति 2026-27 को 1 जून 2026 को अधिसूचित किया गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों से सुझाव एवं आपत्तियां मिलने के बाद उपराज्यपाल ने 26 अगस्त 2026 को इस नीति को वापस ले लिया था। इसके तहत वाइन शॉप खोलने का प्रस्ताव भी रद्द कर दिया गया और जारी नीलामी नोटिस निरस्त कर दिया गया।

प्रशासन के मुताबिक, इसके बाद 4 अप्रैल 2025 को अधिसूचित पुरानी आबकारी नीति 2025-26 को फिर से लागू कर दिया गया, जो फिलहाल प्रभावी है। इस नीति के तहत लेह के वार्ड नंबर 4 और 6 में केवल दो शराब की दुकानों की अनुमति थी। प्रशासन ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को वार्ड नंबर 6 में नीलामी के बाद एक शराब की दुकान चालू हुई। वहीं, वार्ड नंबर 4 में नीलामी के दौरान कोई बोली नहीं मिली, जिसके कारण वहां दुकान नहीं खुल सकी। इस तरह पूरे लद्दाख में फिलहाल केवल एक शराब की दुकान संचालित है।

लद्दाख में कितने बार और होटल संचालित हैं?

बार को लेकर प्रशासन ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में रेस्तरां के साथ शराब परोसने वाले 50 खुदरा प्रतिष्ठान संचालित हैं। इनमें लेह में 38, नुब्रा में 7, जांस्कर में 3 और चांगथांग में 2 प्रतिष्ठान शामिल हैं। इसके अलावा, लेह में दो बीयर बार भी चालू हैं।

प्रशासन के अनुसार, लेह के नौ होटलों के पास शराब परोसने का लाइसेंस है। इनमें से चार को चालू वर्ष में लाइसेंस जारी किए गए हैं। नुब्रा के एक होटल ने भी इस साल लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और उसे अनुमति दी गई।

प्रशासन ने कहा कि लाइसेंस निर्धारित मानकों के अनुसार आवेदन करने वालों को ही जारी किए जाते हैं। राजमार्गों, धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों से निर्धारित दूरी के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। होटल लाइसेंस पर भी यही दूरी संबंधी मानदंड लागू होते हैं।

प्रशासन ने तथ्यों की पुष्टि करने की दी सलाह

लद्दाख प्रशासन ने कहा कि आधिकारिक रिकॉर्ड वांगचुक के इस दावे का समर्थन नहीं करते कि क्षेत्र के हर कोने में शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। प्रशासन ने उनके बयानों को अनावश्यक चिंता पैदा करने वाला बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय मीडिया और आम लोगों के बीच ऐसे दावे करने से पहले तथ्यों की पुष्टि की जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें:

लद्दाख को मिलेगा पहला मेडिकल कॉलेज, 2027 से शुरू होगी पढ़ाई; 103 पदों पर भर्ती को मंजूरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।