1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लेह हिंसा: सोनम वांगचुक की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, CBI कर रही FCRA उल्लंघन की जांच

लेह हिंसा: सोनम वांगचुक की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, CBI कर रही FCRA उल्लंघन की जांच

 Published : Sep 25, 2025 01:59 pm IST,  Updated : Sep 25, 2025 02:15 pm IST

CBI ने शिक्षाविद् और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा स्थापित किए गए एक संस्थान के खिलाफ विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम के कथित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है।

Sonam Wangchuk leh violence cbi frca violation- India TV Hindi
मुश्किल में फंस सकते हैं सोनम वांगचुक। Image Source : PTI

लेह में कल हुए बवाल के बाद हालात तनावपूर्ण लेकिन शांत हैं। लेह में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां सड़कों पर तैनात हैं। इस बीच हिंसा पर गृह मंत्रालय की तरफ से बड़ा बयान आया है। गृह मंत्रालय ने लद्दाख में हुई हिंसा के लिए एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया है। इस बीच सोनम वांगचुक के लिए मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। दरअसल, सीबीआई ने सोनम वांगचुक के एक संस्थान के खिलाफ विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम यानी FCRA के कथित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है।

क्यों हो रही है जांच?

अधिकारियों ने गुरुवार को बताया है कि सोनम वांगचुक द्वारा स्थापित एक संस्थान के खिलाफ FCRA के उल्लंघन को लेकर कुछ समय से जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।जानकारी के मुताबिक, ये जांच हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख (एचआईएएल) में कथित FCRA के उल्लंघन के मामले हो रही है।

वांगचुक ने आरोपों पर क्या कहा?

वांगचुक की टीम ने बताया है कि सीबीआई की एक टीम करीब 10 दिन पहले एक आदेश लेकर आई थी। ये कार्रवाई गृह मंत्रालय की शिकायत पर हो रही है। वांगचुक की ओर से कहा गया- "आदेश में कहा गया था कि हमने विदेशी धन प्राप्त करने के लिए एफसीआरए के तहत मंजूरी नहीं ली है। हम विदेशी धन पर निर्भर नहीं रहना चाहते, लेकिन हम अपने ज्ञान के जरिये राजस्व जुटाते हैं। ऐसे तीन मामलों में, उन्हें लगा कि यह विदेशी योगदान है।"

सोनम वांगचुक ने दावा किया है कि "ये दोनों स्कूल जरूरतमंद युवा छात्रों को मुफ्त शिक्षा देते हैं। छात्रों को विभिन्न परियोजनाओं पर उनके काम के लिए वजीफा दिया जाता है। सीबीआई अधिकारी अब भी लद्दाख में डेरा डाले हुए हैं और रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं।"

लेह में हिंसा कैसे फैली?

बुधवार को लेह/लद्दाख में भड़की हिंसा में 4 लोगों की मौत हुई है और 80 लोग घायल हैं। घायलों में करीब 40 पुलिस वाले हैं। गृह मंत्रालय ने लेह/लद्दाख में हुई हिंसा के लिए सोनम वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया है। गृह मंत्रालय ने कहा है सोनम वांगचुक ने भीड़ को अपने भड़काऊ बयानों से उकसाया। कई नेताओं द्वारा भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करने के बावजूद, सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखा। उन्होंने अरब स्प्रिंग स्टाइल में विरोध प्रदर्शन के उत्तेजक बयान दिए। साथ ही नेपाल में Gen Z के विरोध प्रदर्शनों का हवाला दिया। हालांकि, सोनम वांगचुक इस आरोप से इनकार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- लद्दाख हिंसा के लिए केंद्र सरकार ने सोनम वांगचुक को ठहराया ज़िम्मेदार, कहा- भीड़ को उकसाया गया

लद्दाख़ को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हिंसक प्रदर्शन, BJP दफ्तर में आगजनी, 4 लोगों की मौत; कई घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत