1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राष्ट्रपति को सौंपी गई नवनिर्वाचित सांसदों की लिस्ट, आचार संहिता समाप्त

राष्ट्रपति को सौंपी गई नवनिर्वाचित सांसदों की लिस्ट, आचार संहिता समाप्त

 Published : Jun 06, 2024 08:35 pm IST,  Updated : Jun 06, 2024 08:35 pm IST

बुधवार को राष्ट्रपति ने 17वीं लोकसभा को तत्काल प्रभाव से भंग किया था। यह फैसला राष्ट्रपति ने केंद्रीय कैबिनेट की सलाह पर लिया था। आज शाम मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त...- India TV Hindi
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने राष्ट्रपति को नवनिर्वाचित सांसदों की लिस्ट सौंपी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए सदस्यों के नाम सौंपे गए हैं। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव के दौरान लगाई गई आचार संहिता भी गुरुवार को समाप्त हो गई। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने गुरुवार शाम राष्ट्रपति को नए सांसदों की सूची सौंपी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने गुरुवार शाम राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

राष्ट्रपति सचिवालय के मुताबिक जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-73 के संदर्भ में भारत के चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना की एक प्रति राष्ट्रपति को सौंपी गई। इसमें 18वीं लोकसभा के आम चुनावों के बाद लोकसभा के लिए चुने गए सदस्यों के नाम शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने चुनाव आयुक्तों को दी बधाई

राष्ट्रपति ने मानव इतिहास की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया के सफल समापन पर मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को बधाई दी। पूरे देश की ओर से, उन्होंने चुनाव आयोग, उसके अधिकारियों और कर्मचारियों के सदस्यों, अभियान और मतदान के प्रबंधन और पर्यवेक्षण में शामिल अन्य सार्वजनिक अधिकारियों, पुलिस और सुरक्षा कर्मियों, केंद्र और राज्य के प्रयासों की सराहना की।

राष्ट्रपति सचिवालय के मुताबिक लोगों के मतपत्र की पवित्रता को बनाए रखने और स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए अथक और परिश्रमपूर्वक काम किया गया है। सबसे बढ़कर, उन्होंने लाखों मतदाताओं की सराहना की, जिन्होंने इतनी बड़ी संख्या में चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया।  राष्ट्रपति ने कहा, "यह पूरी तरह से हमारे संविधान और भारत की गहरी और अटल लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप है।"

बुधवार को 17वीं लोकसभा को तत्काल प्रभाव से किया भंग

राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू भी मौजूद रहे। इससे पहले बुधवार को राष्ट्रपति ने 17वीं लोकसभा को तत्काल प्रभाव से भंग किया था। यह फैसला राष्ट्रपति ने केंद्रीय कैबिनेट की सलाह पर लिया था। (IANS इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत