1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दुख

दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया दुख

 Published : Apr 04, 2025 08:36 am IST,  Updated : Apr 04, 2025 09:16 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मनोज कुमार के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी फ़िल्मों में उनके अविस्मरणीय अभिनय ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया है।

Manoj kumar, Narendra Modi- India TV Hindi
मनोज कुमार और पीएम मोदी Image Source : X

नई दिल्ली: बॉलीवुज के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन पर राजनीतिक जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। 87 साल की उम्र में मनोज कुमार का मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। पद्म श्री और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित मनोज कुमार के निधन से भारतीय सिनेमा को गहरा आघात लगा है।

पीएम मोदी ने तस्वीर शेयर की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पोस्ट में मनोज कुमार के साथ खिंची गई पुरानी तस्वीरों को भी शेयर किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा-महान अभिनेता और फ़िल्मकार मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। वे भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे।उन्हें ख़ास तौर पर उनकी देशभक्ति के जोश के लिए याद किया जाता था। देशप्रेम उनकी फ़िल्मों में भी झलकता था। मनोज जी के कामों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को जगाया और वे पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

बहुमुखी अभिनेता थे मनोज कुमार: राजनाथ सिंह

वही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मनोज कुमार के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा- मनोज कुमार जी एक बहुमुखी अभिनेता थे, जिन्हें हमेशा देशभक्ति से भरपूर फ़िल्में बनाने के लिए याद किया जाएगा। ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी फ़िल्मों में उनके अविस्मरणीय अभिनय ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया है और उन्हें पीढ़ियों से लोगों का प्रिय बनाया है। उनकी सिनेमाई विरासत उनके कामों के ज़रिए ज़िंदा रहेगी। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।

कल होगा अंतिम संस्कार

मनोज कुमार लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां झेल रहे थे। सुबह 3.30 बजे उनका देहांत हो गया। मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल सुबह 9 बजे पवन हंस शमशान भूमि में होगा। मनोज कुमार को अपने फिल्मी करियर में कुल 7 फिल्म फेयर अवार्ड मिले। उन्हें पहला फिल्म फेयर अवॉर्ड 1968 में मिला था। उनकी फिल्म उपकार का गाना मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती, काफी लोकप्रिय हुआ था। इस फिल्म को बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट स्टोरी और बेस्ट डायलॉग के लिए चार फिल्म फेयर अवॉर्ड मिले थे।  मनोज कुमार को 2016 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत