1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पिछले आठ वर्षों में समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल कीं: पीएम मोदी

पिछले आठ वर्षों में समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल कीं: पीएम मोदी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 05, 2022 11:43 am IST,  Updated : Apr 05, 2022 11:43 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत के समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल की हैं और व्यापार तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया है।

पिछले आठ वर्षों में समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल कीं: पीएम मोदी - India TV Hindi
पिछले आठ वर्षों में समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल कीं: पीएम मोदी  Image Source : FILE

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत के समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल की हैं और व्यापार तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया है। पांच अप्रैल की तारीख को देशभर में राष्ट्रीय समुद्री दिवस के तौर पर मनाया जाता है। यह दिवस भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में समुद्री व्यापार की भूमिका तथा वैश्विक व्यापार में भारत की भूमिका एवं उसकी रणनीतिक स्थिति को समर्पित है। 

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'आज राष्ट्रीय समुद्री दिवस पर हम अपने गौरवमयी समुद्री इतिहास को याद करते हैं और भारत की अर्थव्यवस्था के विकास में समुद्री क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हैं।' उन्होंने लिखा, 'पिछले आठ वर्षों में हमारे समुद्री क्षेत्र ने नयी ऊंचाइयां हासिल की हैं और व्यापार तथा वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में योगदान दिया है।' प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में भारत सरकार ने बंदरगाह नीत विकास पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसमें बंदरगाह की क्षमता को बढ़ाना और वर्तमान तंत्र को और दक्ष बनाना शामिल है। 

उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों की नए बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जलमार्गों का उपयोग किया जा रहा है। मोदी ने कहा, 'एक ओर जहां हम आर्थिक प्रगति के लिए समुद्री क्षेत्र का लाभ उठा रहे हैं और एक आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रहे हैं, वहीं हम यह भी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सावधानी बरत रहे हैं कि समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और विविधता सुरक्षित रहे, जिस पर भारत गर्व करता है।' इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत