1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव ICU में भर्ती, पीएम ने अखिलेश से कहा- हर मदद के लिए मैं खड़ा हूं

Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव ICU में भर्ती, पीएम ने अखिलेश से कहा- हर मदद के लिए मैं खड़ा हूं

 Written By: Pankaj Yadav @pan89168
 Published : Oct 02, 2022 11:45 pm IST,  Updated : Oct 03, 2022 06:29 am IST

Mulayam Singh Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव की तबीयत नासाज बनी हुई है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह की सेहत पर नजर रख रहे हैं।

Mulayam Singh Yadav- India TV Hindi
Mulayam Singh Yadav Image Source : PTI

Highlights

  • मुलायम सिंह यादव की तबीयत नासाज
  • गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती
  • नेताओं ने उनके स्वास्थय के लिए कामना किया

Mulayam Singh Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव की तबीयत नासाज बनी हुई है। उनको गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। इधर उनका हाल चाल जानने के लिए पीएम मोदी ने खुद अखिलेश को फोन कर के कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है, मैं हर मदद के लिए खड़ा हूं। पीएम मोदी के साथ-साथ अन्य राजनीतिक हस्तियों ने भी उनके अच्छे स्वास्थय की कामना की और अखिलेश यादव को हिम्मत दी। 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने की अखिलेश यादव से बात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर उनके पिता मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री जी ने मेदान्ता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से बात कर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। ज्ञातव्य है कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की देख-रेख में हो रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव का हाल-चाल जाना

नीतीश कुमार ने आज समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत बिगड़ने की जानकारी प्राप्त होने पर उनके पुत्र और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर है- राकेश यादव

समाजवादी पार्टी नेता राकेश यादव ने बताया कि मुलायम सिंह यादव की सेहत स्थिर है। आज उनका ऑक्सीजन लेवल थोड़ा कम हुआ लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक चिंता की कोई बात नहीं है। उनका रूटीन चेकअप रोजाना किया जा रहा है।

राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से मुलायम सिंह का हाल जाना

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अखिलेश यादव से मुलायम की तबियत के बारे में जानकारी ली। राजनाथ ने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर मैंने उनके पुत्र अखिलेश यादव जी से फ़ोन पर बात करके उनका कुशल क्षेम जाना है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।"

मुलायम सिंह की तबियत पूछने के लिए लेकर तेजस्वी ने अखिलेश को किया फोन

मुलायम सिंह की तबियत को लेकर तेजस्वी यादव ने अखिलेश से फोन पर बात की। बिहार के डिप्टी सीएम ने ट्वीट कर कहा, "आदरणीय मुलायम सिंह जी की तबीयत खराब होने का समाचार प्राप्त हुआ। आदरणीय अखिलेश यादव जी से फोन पर वार्ता हुई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना करता हूं।"

राहुल गांधी ने मुलायम सिंह की सेहत के लिए प्रार्थना की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, "श्री मुलायम सिंह जी की ख़राब सेहत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

प्रियंका गांधी ने मुलायम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव के अस्वस्थ होने पर चिंता जताई और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद यहां मेदांता अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत