1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी से मिले नेपाल की सत्तारुढ़ पार्टी के अध्यक्ष, अजित डोवल भी थे मौजूद; जानें क्यों अहम है यह मुलाकात

PM मोदी से मिले नेपाल की सत्तारुढ़ पार्टी के अध्यक्ष, अजित डोवल भी थे मौजूद; जानें क्यों अहम है यह मुलाकात

 Published : Jun 03, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Jun 03, 2026 03:54 pm IST

नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की। दोनों देशों ने विकास, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आपसी सहयोग को नई गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

India Nepal Relations, PM Modi Nepal Meeting, Rabi Lamichhane India Visit, Nepal Ruling Party Chairm- India TV Hindi
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। Image Source : X.COM/NARENDRAMODI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने से मुलाकात कर भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल और विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह लामिछाने की साझा और समृद्ध भविष्य के लिए मिलकर काम करने की इच्छा का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति के तहत एक प्राथमिकता वाला साझेदार है और भारत नई सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों के विशेष एवं बहुआयामी संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए उत्सुक है।

गृह मंत्री अमित शाह से भी हुई थी मीटिंग

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रबी लामिछाने के नेतृत्व वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। अमित शाह ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की चुनावी जीत पर लामिछाने को बधाई दी और नई सरकार की सफलता के लिए भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं। दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल के विशेष संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए साथ मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। गृह मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास को आगे बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा हुई।

विदेश मंत्री जयशंकर से भी मिले लामिछाने

रबी लामिछाने ने अपनी भारत यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद लामिछाने ने कहा कि नई दिल्ली में उनकी जयशंकर के साथ बेहद रचनात्मक बातचीत हुई, जिसमें नेपाल-भारत संबंधों को मजबूत बनाने, विकास साझेदारी और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई। वहीं जयशंकर ने कहा कि वार्ता का केंद्र भारत-नेपाल विकास साझेदारी और लोगों के बीच मजबूत संबंध रहे, जो दोनों देशों की प्रगति और समृद्धि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

क्यों अहम हैं नेपाली नेता की ये मुलाकातें?

भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक संबंध बेहद गहरे हैं। नेपाल में नई राजनीतिक परिस्थितियों के बीच रबी लामिछाने की यह भारत यात्रा दोनों देशों के बीच भरोसे, सहयोग और संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और एस. जयशंकर के साथ हुई मुलाकातें इस बात का संकेत हैं कि भारत नेपाल की नई राजनीतिक नेतृत्व के साथ मिलकर विकास, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। इससे दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत