1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नेपाल के नेता दिल्ली में BJP से क्या सीखने पहुंचे? जानें पार्टी हेडक्वॉर्टर में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

नेपाल के नेता दिल्ली में BJP से क्या सीखने पहुंचे? जानें पार्टी हेडक्वॉर्टर में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 02, 2026 05:53 pm IST,  Updated : Jun 02, 2026 05:53 pm IST

नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। बैठक में दोनों देशों के संबंध, बीजेपी की संगठनात्मक संरचना, सदस्यता प्रक्रिया और युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई।

Nitin Nabin, Rabi Lamichhane- India TV Hindi
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और RSP के अध्यक्ष रबी लामिछाने। Image Source : X.COM/NITINNABIN

नई दिल्ली: नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से नई दिल्ली में मुलाकात की। यह बैठक बीजेपी मुख्यालय में हुई, जहां RSP प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया गया। RSP का यह प्रतिनिधिमंडल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भारत के दौरे पर है। यह दौरा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के आमंत्रण पर किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल सोमवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचा था।

भारत-नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों पर जोर

बैठक के दौरान बीजेपी की ओर से विदेश विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने बताया कि नितिन नवीन ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक और घनिष्ठ संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक जुड़ाव और मजबूत जन-जन के रिश्तों पर आधारित हैं। नवीन ने यह भी कहा कि ऐसे संवाद लोकतांत्रिक बातचीत को मजबूत करते हैं और दोनों पार्टियों के बीच संगठनात्मक सहयोग को और गहरा करते हैं।

बीजेपी की विचारधारा के बारे में बताया

चर्चा के दौरान नितिन नवीन ने नेपाली प्रतिनिधिमंडल को बीजेपी की संगठनात्मक संरचना और विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी का मॉडल राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक फैला हुआ है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी बताया कि बीजेपी की राजनीति का आधार जनता से सीधा और लगातार जुड़ाव है, जो पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संभव होता है।

बीजेपी ने RSP को और क्या-क्या बताया?

इस मुलाकात के दौरान RSP प्रतिनिधिमंडल ने बीजेपी की सदस्यता प्रक्रिया, उम्मीदवार चयन प्रणाली और जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ने की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके जवाब में नितिन नवीन ने बताया कि बीजेपी की संगठनात्मक मजबूती लगातार जनसंपर्क, बूथ स्तर पर सक्रियता और आम नागरिकों की भागीदारी से बनी हुई है। बीजेपी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी का फोकस विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर रहा है।

Gen Z की भूमिका पर भी हुई बातचीत

बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीति में युवा पीढ़ी, खासकर जेनरेशन-जी (Gen Z) की भूमिका और संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसमें यह बात उठी कि युवा लोकतांत्रिक भागीदारी, सार्वजनिक बहस और भविष्य के नेतृत्व को आकार देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए बताया कि नेपाल की RSP के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत