1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन, बीजेपी मुख्यालय में हुआ औपचारिक एलान

बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन, बीजेपी मुख्यालय में हुआ औपचारिक एलान

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 20, 2026 11:15 am IST,  Updated : Jan 20, 2026 12:43 pm IST

45 साल के नितिन नबीन बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वो बिहार के पहले नेता हैं, जो बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। 5 बार के विधायक नितिन नबीन की छवि ग्राउंड वर्कर की है।

 नितिन नबीन- India TV Hindi
नितिन नबीन Image Source : FILE (PTI)

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। आज बीजेपी के मुख्यालय में उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया गया। नितिन नबीन बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनकी उम्र 45 साल है। वह बिहार के ऐसे पहले नेता हैं, जो इस पद तक पहुंचे हैं।

बीजेपी मुख्यालय में ऐलान

बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार को नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन का आधिकारिक ऐलान किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता, साथ ही बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल रहे।

"नितिन नबीन मेरे बॉस हैं"

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "लोगों को लगता होगा, नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल ये लगातार हेड ऑफ द गवर्नमेंट रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है। नितिन नबीन जी, मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वह मेरे बॉस हैं। नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं। उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, उन्हें एनडीए के साथियों के साथ भी सामंजस्य बनाना है। नितिन जी ने जब जो जिम्मेदारी मिली, तब उन्होंने अपने आप को साबित किया।

बंगाल में कमल खिलाएगी पार्टी: जेपी नड्डा

वहीं, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और नितिन नबीन जी की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में बंगाल में कमल खिलाएगी। हम पुडुचेरी और तमिलनाडु में सरकार बनाएंगे। हम असम में सत्ता में वापसी करेंगे और केरल में भी अच्छे परिणाम देंगे। हम इसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने आप सभी के सहयोग से अपनी सीमित क्षमताओं के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भरसक प्रयास किया है। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए अगर मैंने कुछ ऐसा कहा हो जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची हो, तो मैं उसके लिए क्षमा चाहता हूं... नितिन नबीन जी इस पार्टी को, इस महान पार्टी को, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी को, पूरी ताकत से आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। और हम सभी मिलकर उनका सहयोग करेंगे और पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे, और उन नए स्थानों एंव राज्यों में कमल खिलाएंगे, जहां हम अभी तक सफल नहीं हुए हैं।"

छह साल बाद बदलाव

नितिन नबीन की छवि एक ग्राउंड वर्कर की है, और उनकी संगठन में मजबूत पकड़ है। वह 5 बार के विधायक रह चुके हैं। नितिन नबीन का चयन बीजेपी के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। उनकी नेतृत्व क्षमता और ग्राउंड लेवल पर काम करने की छवि के चलते पार्टी के अंदर और बाहर उनके योगदान को सराहा जाता है। बीजेपी का यह कदम खासतौर पर आगामी चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आज से ठीक 6 साल पहले यानी 20 जनवरी 2020 को जेपी नड्डा को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। अब 2026 में बीजेपी को नया अध्यक्ष मिला है। यह समय बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर असम, बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में चुनावों के मद्देनजर, जहां पार्टी को बड़ी चुनौती का सामना करना है।

मंदिरों में पूजा अर्चना

नितिन नबीन ने अपने अध्यक्ष पद के ऐलान से पहले आज दिल्ली के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पूजा अर्चना की, जिससे उन्होंने साफ संदेश दिया कि बीजेपी हिंदुत्व की राजनीति करती है और हिंदू पार्टी के कोर वोटर हैं। उन्होंने सबसे पहले झंडेवालान देवी मंदिर में पूजा की, फिर वाल्मिकी मंदिर में जाकर एससी समुदाय को संदेश दिया। इसके बाद, नबीन ने हनुमान मंदिर भी गए और अंत में बंगला साहिब गुरुद्वारा में जाकर सिख समुदाय के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें-

ठंड फिर दिखाएगी असर... देश के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

4 साल की मासूम से दुष्कर्म, बच्ची ने टीचर से प्राइवेट पार्ट में दर्द की शिकायत की तो हुआ खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत