1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO बनाने का शौक पड़ा भारी, गले में सांप डालकर बाजार में घूम रहा था, अचानक काटने से बिगड़ी हालत

VIDEO बनाने का शौक पड़ा भारी, गले में सांप डालकर बाजार में घूम रहा था, अचानक काटने से बिगड़ी हालत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jan 07, 2026 02:45 pm IST,  Updated : Jan 07, 2026 02:45 pm IST

ओडिशा के भद्रक में एक शख्स गले में सांप डालकर बाजार में घूम रहा था। अचानक सांप ने उसको काट लिया, जिससे युवक की हालत बिगड़ गई।

Odisha- India TV Hindi
गले में सांप डालकर बाजार में घूम रहा था युवक Image Source : REPORTER INPUT

भद्रक: ओडिशा के भद्रक जिले से एक हैरान कर देने वाली और डरावनी घटना सामने आई है। बॉन्त  इलाके में मंगलवार को एक युवक उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जब वह अपने गले में सांप डालकर बाजार में घूम रहा था। अचानक सांप ने उसे काट लिया और उसकी हालत बिगड़ने लगी।

घायल युवक की पहचान सुबाल साहू के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री है। जानकारी  के अनुसार, सुबाल अपने गले में एक रंग-बिरंगा और दुर्लभ सांप लपेटे हुए बाजार में घूम रहा था और लोगों को दिखा रहा था। इसी दौरान सांप अचानक उग्र हो गया और उसने सुबाल के दाहिने हाथ पर कई बार काट लिया, जिससे खून बहने लगा।

वीडियो हुआ वायरल

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सांप के काटने के बावजूद सुबाल उसे छेड़ता रहा। वह सांप के मुंह को अपने गाल से लगाता और उसकी जीभ को छूता नजर आया। यह लापरवाही उसके लिए बेहद खतरनाक साबित हुई।

सांप के काटने के बाद सुबाल की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसे तुरंत भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उसे निगरानी में रखा हुआ है।

हैरानी की बात यह रही कि युवक सांप को भी एक डिब्बे में भरकर अस्पताल ले आया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सकें। शुरुआत में डॉक्टर सांप की प्रजाति को लेकर असमंजस में थे, लेकिन बाद में उसकी पहचान एल्बाइनो बैंडेड क्रेट के रूप में हुई। यह सांप बेहद दुर्लभ और अत्यंत विषैला माना जाता है।

सांप के बारे में जानें

एल्बाइनो बैंडेड क्रेट जैसी प्रजातियां बहुत कम देखने को मिलती हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी भारी मांग बताई जाती है। इसी वजह से इस घटना ने सुरक्षा और दुर्लभ वन्यजीवों की अवैध तस्करी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने कहा , "रोगी हमारे पास सांप काटने की शिकायत लेकर आए थे । रोगी के आने के बाद हमनें उनकी प्राथमिक जांच की और उन्हें ऑबजर्वेशन में रख दिया है । अभी उनकी हालत स्थिर है । अभी किसी तरह के लक्षण नहीं हैं पर फिर भी हम उन्हें निगरानी में रख रहे हैं  और उनका इलाज कर रहे हैं । सांप ऐल्बाइनो बांडेट क्रेट प्रजाति का है । कल मरीज सांप को भरकर अस्पताल आए थे ताकि वह हमें दिखा पाएं । अभी मरीज की हालत स्थिर है और हमनें उन्हें निगरानी में रखा हुआ है ।"

यह अजीबोगरीब घटना आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग हैरान हैं कि कोई व्यक्ति जान जोखिम में डालकर इतने खतरनाक सांप के साथ इस तरह सार्वजनिक जगह पर घूम सकता है। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत