ओडिशा के भद्रक जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। यह घटना गुरुवार सुबह की है, जब दो युवक संतिया ब्रिज से सालंदी नदी में कूद गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक हिमांशु शेखर नायक और मिथुन नायक सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के उद्देश्य से नदी में कूदे थे। शुरुआत में यह सब एक आम रील शूट जैसा लग रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में यह खतरनाक हादसे में बदल गया।
एक युवक तैरकर बाहर आया
सामने आई जानकारी के मुताबिक, कूदने के बाद हिमांशु किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और अपनी जान बचा ली, लेकिन मिथुन तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्थिति बिगड़ चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल विभाग की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुला ली गई। करीब तीन घंटे से ज्यादा समय तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार मिथुन का शव नदी से बरामद किया गया।
मृतक के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें
अग्निशमन विभाग के अधिकारी के अनुसार, मृतक के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई थीं, जो इस हादसे की भयावहता को दिखाती हैं। अधिकारी ने आगे कहा,"पीड़ित और मृतक यहां रहकर मजदूरी कर रहे थे। आज वे काम पर न जाकर यहां पुल पर से नदी में कूदने का वीडियो शूट करने आए थे। एक युवक निकल कर बाहर आ गया है। दूसरा युवक खुद कूदा है या नहीं इसकी वेरिफिकेशन अभी चल रही है। चूंकि शिकायत आई है, लिहाजा मामले को हल्के में न लेकर दमकल कर्मियों को एंगेज किया गया है और मामले की जांच जारी है। प्राथमिक सूचना में हमें पता चला है को दोनों युवक क्योंझर के हैं और यहां काम कर रहे थे।"
यह भी जानकारी सामने आई है कि जिस युवक द्वारा वीडियो शूट किया जा रहा था, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हिरासत में हादसे में बचे युवक हिमांशु ने कहा,"आज हम रील वीडियो बना रहे थे जिसमें हम पुल पर से पानी में कूदने का दृश्य कैद कर रहे थे। मैं पहले कूदा और किनारे पर आ गया। मेरे बाद वह खुद कूदा या गिर गया मुझे नहीं पता।हम बस ऐस ही वीडियो बना रहे थे,क्या करें अब? मेरा एक भांजा वीडियो शूट कर रहा था।इच्छा होने पर खाना नहीं खाते क्या? हमनें अपनी इच्छा होने पर वीडियो बना लिया।"
इस घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस तरह के खतरनाक ट्रेंड पर चिंता जताई है। उनका मानना है कि आजकल सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
रील बनाने का क्रेज तेजी से बढ़ रहा
यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि क्या कुछ सेकंड की लोकप्रियता के लिए अपनी जान जोखिम में डालना सही है? खासकर युवाओं के बीच रील बनाने का क्रेज जिस तेजी से बढ़ रहा है, वह अब खतरनाक रूप लेता जा रहा है। ऐसे संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। यह हादसा सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रखते समय अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- लेक्चरर के साथ नाम जोड़ रहे थे दोस्त, आहत छात्रा ने दे दी अपनी जान, सुसाइड नोट में लिखी कहानी
'मालदा कांड सोची-समझी साजिश थी', बंगाल सरकार को SC ने लगाई फटकार, 10 प्वाइंट्स में जानें क्या कहा