1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में, 19 जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा, इस जिले में तापमान सबसे ज्यादा रहा

ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में, 19 जगहों पर पारा 40 डिग्री के पार पहुंचा, इस जिले में तापमान सबसे ज्यादा रहा

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 11, 2025 10:19 pm IST,  Updated : May 11, 2025 10:19 pm IST

40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज करने वाले अन्य स्थानों में सुंदरगढ़ (41.8 डिग्री सेल्सियस), अंगुल (41.7 डिग्री सेल्सियस), झारसुगुड़ा और हीराकुंड (41.6 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।

Heat- India TV Hindi
भीषण गर्मी Image Source : FILE

भुवनेश्वर: ओडिशा में अब गर्मी कहर बरपाने लगी है। रविवार को राज्य के 19 जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक दर्ज किया गया, अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के शाम के बुलेटिन के अनुसार, रविवार को संबलपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद टिटलागढ़ (42.5 डिग्री सेल्सियस) और बोलनगीर (42 डिग्री सेल्सियस) का स्थान रहा। ,40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज करने वाले अन्य स्थानों में सुंदरगढ़ (41.8 डिग्री सेल्सियस), अंगुल (41.7 डिग्री सेल्सियस), झारसुगुड़ा और हीराकुंड (41.6 डिग्री सेल्सियस प्रत्येक) शामिल हैं।

राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी ने कहा कि सोमवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजम, गजपति, मयूरभंज और क्योंझर जिलों में गर्म और आर्द्र स्थिति बनी रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस

वहीं देश की राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच 13 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, रविवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 158 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत