जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पीएम मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत सरकार आतंकवाद की बची-खुची जमीन भी खत्म कर देगी। आतंकियों को चुन-चुनकर मारा जाएगा। कश्मीर में हमला करने वाले आतंकी पाकिस्तान में पले बढ़े थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हमले की प्लानिंग के दौरान एक आतंकी दो बार पाकिस्तान भी गया था। ऐसे में भारत सरकार की कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान में खौफ है। पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर जवानों की संख्या बढ़ा दी है और उन्हें बंकर में रहने के लिए कहा है।
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Pahalgam attack: विपक्ष के नेता राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचे, बांदीपुरा एनकाउंटर में मारे गए आतंकी की पहचान हुई
Pahalgam attack: विपक्ष के नेता राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचे, बांदीपुरा एनकाउंटर में मारे गए आतंकी की पहचान हुई
भारत सरकार ने पहलगाम हमले के बाद कार्रवाई की पूरी तैयारी कर ली है। सभी पार्टियों की मीटिंग में इस बारे में चर्चा की गई। अब सरकार सिंधु जल संधि और सेना के एक्शन को लेकर रणनीति बना रही है।
Pahalgam Attack Live
-
11:19 PM (IST) Apr 25, 2025
जम्मू के जीएमसी अस्पताल ने जारी किया अलर्ट
सीमा पर तनाव को देखते हुए जम्मू के जीएमसी अस्पताल ने अलर्ट जारी किया है। अस्पताल प्रशासन ने स्टाफ को आपात स्थिति के लिए पूर्ण तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को चौकस रहने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। मरीजों की सुरक्षा और त्वरित उपचार के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। (रिपोर्ट)
-
10:50 PM (IST) Apr 25, 2025
कुलगाम में गिरफ्तार किए गए 2 OGW
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के थोकेरपोरा क़ैमोह क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने दो ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया गया।
-
6:46 PM (IST) Apr 25, 2025
'पाकिस्तान बेहतर समझेगा कि भारत किस लिए खड़ा है'
पहलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कहा, 'एक नागरिक, एक महिला और एक मां के रूप में मैं अनावश्यक रूप से बहाए गए खून की हर बूंद का बदला लेना चाहती हूं। हमारे पास वहां बहादुर सैनिक खड़े हैं। पाकिस्तान बेहतर समझेगा कि भारत किस लिए खड़ा है। हमारी शालीनता को कमजोरी मत समझो। मेरा मानना है कि आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता, कोई समुदाय नहीं होता। उन्हें बहिष्कृत किया जाता है। उन्हें किसी भी चीज़ से मान्यता नहीं दी जाती। उन्हें किसी भी समुदाय या धर्म के अनुसार दफ़न करने का अधिकार भी नहीं मिलेगा।' (ANI)
-
6:43 PM (IST) Apr 25, 2025
चंद्रबाबू नायडू ने की पीएम मोदी से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट किया, 'मैंने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त की। पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले ने पूरे देश को व्यथित कर दिया है। इस तरह की कायरतापूर्ण हिंसा की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। सरकार और आंध्र प्रदेश के लोग पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुट हैं। हम भारत की सुरक्षा की रक्षा में प्रधानमंत्री मोदी जी के निर्णायक नेतृत्व को अपना पूरा समर्थन देने का संकल्प लेते हैं।'
-
5:51 PM (IST) Apr 25, 2025
ये पीड़ा जाया नहीं जानी चाहिए: मनोज झा
पहलगाम आतंकी हमले पर RJD नेता मनोज कुमार झा ने बिहार की राजधानी पटना में कहा, 'पहलगाम की घटना हम सबको आहत करती है, पीड़ा देती है। उस पीड़ा में पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है कि ये पीड़ा जाया नहीं जानी चाहिए। ये हादसा जाया नहीं जाना चाहिए।'
-
5:44 PM (IST) Apr 25, 2025
'पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले से गहरा सदमा लगा'
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने ट्वीट किया, 'पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले से गहरा सदमा लगा है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। आतंकवाद के खिलाफ श्रीलंका की एकजुटता और हमारी साझा प्रतिबद्धता को व्यक्त करने के लिए अभी-अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। हम पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हम इस कठिन समय में भारत के साथ खड़े हैं।'
-
4:16 PM (IST) Apr 25, 2025
'इस संबंध में कांग्रेस ने अपना पूरा समर्थन दिया है'
पहलगाम आतंकी हमले पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'हमने इस भयानक आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। हम सरकार से कड़ी प्रतिक्रिया चाहते हैं, इस संबंध में कांग्रेस ने अपना पूरा समर्थन दिया है। हम जानते हैं कि जम्मू-कश्मीर में तीन स्तरीय सुरक्षा नेटवर्क हैं। पहलगाम पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है इसलिए न्याय और जवाबदेही की आवश्यकता है।' (ANI)
-
2:57 PM (IST) Apr 25, 2025
भारत सरकार की सख्ती से पाकिस्तानी हिंदू परेशान
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा कैंसिल कर दिए हैं और उनसे देश छोड़ने के लिए कहा है। इससे पाकिस्तानी हिंदू परेशान हो गए हैं। उनका कहना है कि वह बहुत सताए जाने के बाद पाकिस्तान में अपना सब कुछ छोड़कर हिंदुस्तान आए हैं। अब वह वापस नहीं जाना चाहते। उन्हें सीएए की तहत नागरिकता मिलनी चाहिए।
-
2:39 PM (IST) Apr 25, 2025
पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर वापस भेजें
गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बात कर उन्हें निर्देश दिया है कि अपने-अपने राज्य में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करें और उन्हें उनके देश वापस भेजें।
-
1:53 PM (IST) Apr 25, 2025
सभी मुख्यमंत्रियों को गृहमंत्री शाह का निर्देश
गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है। उन्होंने कहा है कि सभी पाकिस्तानी वीजा रद्द कर दिए गए हैं। जो भी पाकिस्तानी जिस राज्य में हैं, उन्हें तत्काल वापस भेजें। -
1:23 PM (IST) Apr 25, 2025
पाकिस्तान ने मानी आतंकियों को पालने की बात
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्ता को भारत की कार्रवाई का डर सता रहे है। ऐसे में पाकिस्तान सफाई देने में जुटा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि मोदी कुछ भी कर सकते हैं। ऐसे में उन्हें अलर्ट रहने की जरूर है। हालांकि, इस दौरान गीदड़भभकी देते हुए आसिफ ने कहा कि हर हमले का जवाब देने के लिए पाकिस्तान तैयार है। इसी दौरान रक्षा मंत्री ने आतंकवाद को पालने की बात भी स्वीकार की और कहा कि तीन दशक से पाकिस्तान ऐसा कर रहा है।
-
1:11 PM (IST) Apr 25, 2025
आदिल की मां बोलीं- बेटे को सख्त सजा मिले
पहलगाम हमले में शामिल आतंकी आदिल का घर गिरा दिया गया है। इस घटना के बाद उसकी मां सहजीदा ने कहा है कि अगर बेटा आतंकी हमले में शामिल है तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
-
12:46 PM (IST) Apr 25, 2025
राजस्थान सरहद पर तैयारियां बड़े पैमाने पर
भारतीय सेना ने पाकिस्तान से सटी राजस्थान सीमा पर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच रिश्ते बेहद खराब हो गए हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र की तरफ से दोनों देशों को संयम रखने की सलाह दी गई है।
-
12:39 PM (IST) Apr 25, 2025
बांदीपुरा एनकाउंटर में मारे गए आतंकी की पहचान हुई
बांदीपुरा एनकाउंटर में मारे गए आतंकी की पहचान आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के अल्ताफ लाल्ली के रूप में हुई है।
-
12:14 PM (IST) Apr 25, 2025
श्रीनगर पहुंचे राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी श्रीनगर पहुंच गए हैं। वह यहां पहलगाम हमले में घायल लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद एलजी के साथ मीटिंग करेंगे।
-
11:33 AM (IST) Apr 25, 2025
बांदीपुरा एनकाउंटर में एक आतंकी ढेर
बांदीपुरा के जंगलों में जारी मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। इससे पहले इसी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान घायल हुए थे।
-
10:58 AM (IST) Apr 25, 2025
15 कमांडर के साथ आर्मी चीफ की मीटिंग जारी
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच गए हैं और उन्हें 15 कोर कमांडर सुरक्षा स्थिति और अपने क्षेत्र के अंदर आतंकवादियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के बारे में जानकारी दे रहे हैं। कोर कमांडर नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिशों के बारे में भी विस्तार से रिपोर्ट दे रहे हैं।
-
10:54 AM (IST) Apr 25, 2025
एलजी मनोज सिन्हा के साथ आर्मी चीफ की बैठक
लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा आज आर्मी चीफ के साथ श्रीनगर में सुबह 11:30 बजे बैठक करेंगे। इस बैठक में पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा हालात, आर्मी के आपरेशन के बारे में रणनीति बनेगी।
-
10:51 AM (IST) Apr 25, 2025
आतंकी हमले के पीड़ित का शव घर पहुंचा
पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए एन रामचंद्रन का पार्थिव शरीर आज केरल के कोच्चि में चंगमपुझा पार्क में सार्वजनिक दर्शन के बाद उनके घर वापस लाया गया। यहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-
10:31 AM (IST) Apr 25, 2025
जम्मू के उपराज्यपाल से मिलेंगे राहुल गांधी
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समय मांगा हैं। लगभग शाम 4 बजे दोनों की मुलाकात होगी। उसके पहले राहुल गांधी अनंतनाग जाएंगे। यहां गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज में पहलगाम हमले के घायलों से मिलेंगे। -
10:07 AM (IST) Apr 25, 2025
बांदीपोरा मुठभेड़ में दो जवान घायल
बांदीपोरा के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों के दो जवान घायल हुए हैं। घने जंगलों में दो से तीन आंतकियों के छिपे होने के आसार हैं।
-
9:53 AM (IST) Apr 25, 2025
श्रीनगर से मुंबई पहुंचेंगे 232 पर्यटक
श्रीनगर से आज 232 पर्यटकों को विशेष विमान से मुंबई लाया जाएगा। यह फ्लाइट आज दोपहर श्रीनगर से रवाना होगी और शाम करीब 5 बजे तक मुंबई पहुंचेगी। अब तक लगभग 500 पर्यटक वापस लौट चुके हैं।
-
9:22 AM (IST) Apr 25, 2025
सेना की वर्दी बेचने वाले दुकानदारों से पूछताछ
पहलगाम में आतंकी सेना की वर्दी पहनकर आए थे। ऐसे में पुलिस ने उन दुकानदारों से पूछताछ शुरू कर दी है, जो सेना की वर्दी और इससे मिलते-जुलते ड्रेस बेचते हैं।
-
8:41 AM (IST) Apr 25, 2025
उधमपुर मुठभेड़ में शहीद हुए हवलदार को पुष्पांजलि
कल उधमपुर मुठभेड़ में शहीद हुए हवलदार जे अली शेख को पुष्पांजलि अर्पित की गई। वहीं, सुरक्षा बल बांदीपुरा इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। यहां के जंगलों में आतंकियों के छिपे होने के आसार हैं।
-
8:29 AM (IST) Apr 25, 2025
आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंचे
आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच गए हैं। यहां से सीधे विक्टर फोर्स हेडक्वार्टर जाएंगे और सिक्योरिटी रिव्यू होगा। वह कश्मीर घाटी में तैनात वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से भी मिलेंगे। वह घाटी में चल रही सुरक्षा स्थिति और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन करने के प्रयासों की समीक्षा करेंगे।
-
8:17 AM (IST) Apr 25, 2025
आतंकी आसिफ शेख का घर ब्लास्ट में उड़ाया
पुलवामा जिले के अवंतीपोर के त्राल इलाके के मोंघामा में हुए धमाके में सक्रिय आतंकवादी आसिफ शेख का घर नष्ट हो गया। पहलगाम आतंकी हमले में शेख का नाम सामने आया है। हालांकि, घटना या विस्फोट की प्रकृति पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
-
8:10 AM (IST) Apr 25, 2025
पहलगाम हमले के विरोध में दिल्ली बंद
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने बंद का आह्वान किया है। शुक्रवार सुबह चांदनी चौक में बाजार बंद नजर आए। पहलगाम आतंकी हमले के मुद्दे पर आज दिल्ली के सभी 900 से अधिक बाजार बंद रहेंगे। 8 लाख से अधिक दुकानों पर कोई कारोबार नहीं होगा।
-
7:30 AM (IST) Apr 25, 2025
बांदीपोरा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू
बांदीपुरा के बाजीपोरा इलाके में ऑपरेशन शुरू हो गया है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम के साथ आतंकियों की मुठभेड़ जारी है। बांदीपुरा जिले के अजस इलाके में कुलनार बाजीपोरा के जंगलों में सुरक्षा बलों द्वारा अभियान शुरू करने के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान गोलीबारी की आवाज सुनी गई। इलाके में 1-2 आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली है। सुरक्षाबलों ने इन्हें घेर लिया है।
-
7:28 AM (IST) Apr 25, 2025
आज दोपहर पहलगाम पहुंच सकते हैं राहुल गांधी
विपक्ष के नेता राहुल गांधी श्रीनगर आ रहे हैं और उनके पहलगाम जाने की संभावना है। वह दोपहर करीब 12 बजे श्रीनगर पहुंचेंगे। इसके बाद पहलगाम का दौरा कर सकते हैं। राहुल गांधी से पहले सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी पहलगाम का दौरा करेंगे।
-
7:23 AM (IST) Apr 25, 2025
LOC के पास गोलीबारी
पाकिस्तानी सेना ने एलओसी के पास फायरिंग की और भारत ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है। भारतीय सेना के अधिकारी ने बताया कि सीमा रेखा के पास कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया। कोई हताहत नहीं हुआ। विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
-
6:58 AM (IST) Apr 25, 2025
घायलों से मिलेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी आज अनंतनाग के अस्पताल में घायलों से मिलकर उनका हाल जानेंगे। इससे पहले राहुल गांधी ने सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा विपक्ष सरकार के साथ है और सरकार के फैसलों का समर्थन करता है।
-
6:56 AM (IST) Apr 25, 2025
सिंधु जल संधि पर गृह मंत्रालय की बैठक
सिंधु जल संधि पर आज गृह मंत्री अमित शाह ने अहम बैठक बुलाई है। जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल सहित कई कैबिनेट मंत्री इसमें शामिल होंगे। इस मीटिंग में सिंधु नदी के पानी को लेकर अहम फैसले किए जा सकते हैं।
-
6:54 AM (IST) Apr 25, 2025
श्रीनगर में सेना की हाई लेवल मीटिंग
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी आज श्रीनगर में हाई लेवल सिक्योरिटी मीटिंग करेंगे। इस बैठक के बाद सेना प्रमुख पहलगाम में हमले वाली जगह का दौरा करेंगे। इसके बाद सैन्य कार्रवाई को लेकर कोई फैसला लिया जा सकता है।