1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गणतंत्र दिवस पर पाकिस्तान की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

गणतंत्र दिवस पर पाकिस्तान की साजिश नाकाम, भारी मात्रा में हेरोइन बरामद

 Edited By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Jan 26, 2023 06:44 pm IST,  Updated : Jan 26, 2023 06:44 pm IST

एक अधिकारी ने बताया कि पैकेट को खोलने पर उसमें से करीब 3 किलो हेरोइन बरामद की गई। हेरोइन की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : फाइल फोटो

गणतंत्र दिवस के मौके पर भी पाकिस्तान अफनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने पाकिस्तान के तस्करों की ड्रग्स भेजने की नापाक साजिश को नाकाम कर दिया। भारत-पाकिस्तान की सीमा से सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के फिरोजपुर में सीमा पार से भेजी गई लगभग 3 किलो हेरोइन को जप्त कर लिया है। बीएसएफ की तरफ से ये जानकारी दी गई है।

पीले चिपकने वाले टेप से लिपटे 3 पैकेट बरामद

बीएसएफ ने बताया कि 26 जनवरी को तड़के सुबह पंजाब के फिरोजपुर जिले में घने कोहरे के बीच, सीमा पर तैनात सतर्क सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने टिंडीवाला गांव के पास पड़ने वाले क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर ट्रैक पर मानव पैरों के निशान देखे। इसके बाद इलाके की तलाशी के दौरान जवानों ने पीले चिपकने वाले टेप से लिपटे 3 पैकेट बरामद किए।

कीमत करोड़ों में आंकी जा रही 

एक अधिकारी ने बताया कि पैकेट को खोलने पर उसमें से करीब 3 किलो हेरोइन बरामद की गई। हेरोइन की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। फिलहाल आसपास के इलाके में बीएसएफ द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि इस तरह की किसी भी नापाक साजिश को विफल किया जा सके। ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं ये हेरोइन ड्रोन के जरिए तो नहीं भेजी गई है।

गौरतलब है कि इन दिनों घने कोहरे की वजह से सीमा पर पाकिस्तानी तस्करों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। अक्सर इस दौरान ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स भेजे जाने के मामले सामने आते हैं। यही वजह की बीएसएफ इन दिनों सीमा पर ऑपरेशन अलर्ट चला रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत