1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लोकसभा में संविधान पर दो दिवसीय चर्चा, राजनाथ सिंह बोले- कुछ लोगों ने संविधान को हाईजैक कर लिया है

लोकसभा में संविधान पर दो दिवसीय चर्चा, राजनाथ सिंह बोले- कुछ लोगों ने संविधान को हाईजैक कर लिया है

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 13, 2024 12:18 pm IST,  Updated : Dec 13, 2024 12:38 pm IST

लोकसभा में संविधान पर चर्चा के लिए दो दिन तय किए गए हैं। शुक्रवार और शनिवार को सदन में संविधान पर चर्चा होगी। राजनथ सिंह ने इस बहस की शुरुआत की है।

Rajnath Singh- India TV Hindi
राजनाथ सिंह Image Source : PTI

लोकसभा के शीतकालीन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संविधान पर चर्चा शुरू की है। यह चर्चा दो दिन तक चलेगी। संविधान पर चर्चा शुरू करते राजनाथ सिंह ने कहा कि हम भारत के लोगों ने 26 नवम्बर 1949 को संविधान को अपनाया था। उन्होंने संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस सदन और देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन के सभी पहलुओं को छूकर राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है। संविधान सिर्फ कानून दस्तावेज नहीं, राष्ट्र निर्माण का रास्ता तय करता है। यह लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।

संविधान पर यह बहस शनिवार तक चलेगी। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहस का जवाब देंगे। भाजपा की तरफ से 12 से 15 नेता इस चर्चा में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस की तरफ से मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेता संविधान पर बोलेंगे।

कुछ लोगों ने संविधान को हाईजैक किया

राजनाथ सिंह ने कहा "पिछले कुछ वर्षों में देश में ऐसा माहौल बनाया गया कि संविधान एक खास वर्ग के लोगों के लिए है। संविधान निर्माण में बहुत से लोगों की भूमिका को जानबूझकर नकार दिया गया। संविधान स्वाधीनता संग्राम के हवनकुंड से निकला हुआ अमृत है। संविधान को कुछ खास लोगों ने हाईजैक कर लिया है। एक पार्टी विशेष द्वारा संविधान निर्माण के कार्य को ‘हाईजैक’ करने की कोशिश की गई है। संविधान ने ही प्रजा को नागरिक बनाया, संविधान एक साथ मिलकर काम करने की शक्ति प्रदान करता है। हमारी सरकार ने संविधान को खुले और सच्चे मन से स्वीकार किया है। संविधान की मूल भावना को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने फैसले लिए हैं। मुझे गौरव की अनुभूति है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से काम कर रही है।"

राहुल-प्रियंका भी बोलेंगे

कांग्रेस को संविधान दिवस पर बहस के लिए 2 घंटे 20 मिनट का समय मिलेगा। कांग्रेस के संसदीय रणनीतिक समूह ने भी संसद के शीतकालीन सत्र और संविधान पर चर्चा को लेकर बातचीत की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों ही सदन में बोलेंगे। प्रियंका का यह पहला भाषण होगा। कांग्रेस ने दोनों दिनों के लिए सदन में तीन लाइन का व्हिप जारी किया है और अपने सांसदों से दोनों दिन सदन में मौजूद रहने को कहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में विपक्ष की ओर से बहस की शुरुआत करेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत