1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'विमान हादसे की कब तक आएगी ब्लैक बॉक्स की रिपोर्ट, क्यों बढ़ रहा हवाई किराया?' सांसदों ने DGCA से पूछे तीखे सवाल

'विमान हादसे की कब तक आएगी ब्लैक बॉक्स की रिपोर्ट, क्यों बढ़ रहा हवाई किराया?' सांसदों ने DGCA से पूछे तीखे सवाल

 Published : Jul 08, 2025 04:54 pm IST,  Updated : Jul 08, 2025 05:20 pm IST

अहमदाबाद विमान हादसे की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। ब्लैक बॉक्स में क्या मिला है? इसकी जांच कहां तक पुहंची है? DGCA और एयर इंडिया द्वारा ये कुछ भी जानकारी नहीं दी गई है। संसद की एक समिति ने नागरिक विमानन मंत्रालय से कई सवाल किए हैं।

कब आएगी विमान हादसे की रिपोर्ट- India TV Hindi
कब आएगी विमान हादसे की रिपोर्ट Image Source : INDIA TV GFX

संसद की एक समिति ने नागरिक विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, एयरलाइन और हवाई अड्डा प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस दौरान कई सांसदों ने एयर इंडिया विमान दुर्घटना के संबंध में तीखे सवाल किए। सांसदों ने पूछा कि विमान हादसे की ब्लैक बॉक्स वाली रिपोर्ट कब तक तैयार होगी?

श्रीनगर के हवाई किराए में अचानक से बढ़ोतरी

सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यों ने अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद श्रीनगर के हवाई किराए में अचानक बढ़ोतरी पर भी चिंता जताई है। सूत्रों ने कहा कि अन्य मुद्दों के अलावा कुछ सदस्यों ने नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) से ऑडिट की मांग भी की। 

एयरलाइन प्रतिनिधियों से पूछे गए सवाल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता वाली लोक लेखा समिति (PAC) ने वरिष्ठ अधिकारियों और एयरलाइन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सूत्रों ने कहा कि एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) कैंपबेल विल्सन समेत एयरलाइन के शीर्ष प्रतिनिधि मौजूद थे। 

अहमदाबाद में ट्रक से ले जाया जा रहा विमान हादसे का मलबा
Image Source : PTIअहमदाबाद में ट्रक से ले जाया जा रहा विमान हादसे का मलबा

क्या है ब्लैक बॉक्स की रिपोर्ट में?

उन्होंने कहा कि समिति के कई सदस्यों ने 12 जून को एयर इंडिया विमान दुर्घटना का जिक्र किया और एक सदस्य ने मंत्रालय के अधिकारियों से विमान के ब्लैक बॉक्स का विश्लेषण पूरा करने की समयसीमा के बारे में जानना चाहा। 

अहमादाबाद में हुआ था एयर इंडिया का विमान हादसा

बता दें कि अहमदाबाद में 12 जून को उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन के गैटविक जाने वाला एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में करीब 270 लोग मारे गए थे। सूत्रों ने कहा कि समिति के कई सदस्यों ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद श्रीनगर की उड़ानों के लिए हवाई किराये में अचानक वृद्धि पर चिंता व्यक्त की। 

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में विमानन मंत्रालय, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA), भारतीय विमानपत्तन आर्थिक नियामक प्राधिकरण (AERA), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), एएआई कार्गो लॉजिस्टिक्स एंड अलाइड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के अधिकारी शामिल हुए। (इनपुट-पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत