1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: पीएम मोदी ने 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, बोले- ये आधुनिक भारतीय रेलवे का है नया चेहरा

VIDEO: पीएम मोदी ने 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, बोले- ये आधुनिक भारतीय रेलवे का है नया चेहरा

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 31, 2024 01:21 pm IST,  Updated : Aug 31, 2024 02:37 pm IST

पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे के विस्तार से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। वह इस उपलब्धि के लिए देश के नागरिकों को बधाई देते हैं। साथ ही कहा कि वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारतीय रेलवे के लिए नया चेहरा हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 3 नई वंदे भारत ट्रेन को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाई है। ये तीनों नई वंदे भारत ट्रेनें कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों को जोड़ेंगी। इनमें से पहली वंदे भारत ट्रेन चेन्नई सेंट्रल से नागरकोइल, दूसरी मदुरै से बेंगलुरु कैंट और तीसरी मेरठ सिटी-लखनऊ तक जाएगी। 

पर्यटन में आया उछाल

हरी झंडी दिखाने के दौरान पीएम मोदी ने कहा ,'वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत से जहां भी ये ट्रेनें चलती हैं, वहां के पर्यटन में उछाल आया है। इससे स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिला है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। मैं इस उपलब्धि के लिए नागरिकों को बधाई देता हूं।' 

नई वंदे भारत ट्रेन ने पकड़ी रफ्तार

वहीं, कर्नाटक के मदुरै में वैगई नदी पर बने पुल से ड्रोन द्वारा नई वंदे भारत ट्रेन को कैमरे में कैद किया गया है। जब ये मदुरै - बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन वहां से गुजर रही थी। ये नई वंदे भारत ट्रेन भगवा रंग में दिखाई दे रही है।

वंदे भारत आधुनिक भारतीय रेलवे का नया चेहरा

पीएम मोदी ने कहा कि आज यूपी और खासकर पश्चिमी यूपी के लोगों को मेरठ-लखनऊ रूट पर वंदे भारत ट्रेन के जरिए भी खुशखबरी मिली है। मेरठ और पश्चिमी यूपी क्रांति की धरती है। आज यह क्षेत्र विकास की नई क्रांति का गवाह बन रहा है। वंदे भारत आधुनिक भारतीय रेलवे का नया चेहरा है। 

देशभर में चल रहीं 102 वंदे भारत ट्रेन

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज शहर में और हर रूट पर वंदे भारत की मांग है। हाई-स्पीड ट्रेनों के आने से लोगों को अपने कारोबार, रोजगार और अपने सपनों को विस्तार देने का भरोसा मिलता है। आज देशभर में 102 वंदे भारत रेल सेवाएं चल रही हैं।

दक्षिणी राज्यों का तेजी से विकास बहुत जरूरी- PM मोदी

पीएम ने कहा, 'विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दक्षिणी राज्यों का तेजी से विकास बहुत जरूरी है। दक्षिण भारत में अपार प्रतिभा, अपार संसाधन और अवसर मौजूद हैं। इसलिए तमिलनाडु और कर्नाटक समेत पूरे दक्षिण का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत