Monday, March 02, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत को यूरेनियम देगा कनाडा, 50 बिलियन डॉलर के व्यापार का लक्ष्य: PM मोदी

भारत को यूरेनियम देगा कनाडा, 50 बिलियन डॉलर के व्यापार का लक्ष्य: PM मोदी

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Mar 02, 2026 12:17 pm IST, Updated : Mar 02, 2026 06:37 pm IST

हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमने यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है। हम छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों और उन्नत रिएक्टरों पर भी मिलकर काम करेंगे।

नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से हाथ मिलाते हुए पीएम मोदी- India TV Hindi
Image Source : PTI नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से हाथ मिलाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 2 मार्च तक भारत दौरे पर हैं। आज सोमवार को उनकी मुलाकात दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। हैदराबाद हाउस में दोनों शीर्ष नेताओं की मुलाकात हुई। इस मौके पर दोनों नेताओं ने हाथ मिलाते हुए फोटो खिंचवाई और फिर उनके बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कनाडा यूरेनियम देगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि कनाडा से 50 बिलियन डॉलर के व्यापार का लक्ष्य है।

पीएम मोदी ने कहा, "भारत में भारत-कनाडा पल्स प्रोटीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास और रिश्तों की परिपक्वता का प्रतीक है। हम रक्षा उद्योगों, समुद्री डोमेन जागरूकता और सैन्य आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए काम करेंगे। इसी उद्देश्य के लिए आज हमने भारत-कनाडा रक्षा संवाद स्थापित करने का निर्णय लिया है।"

प्रधानमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा, "हमें खुशी है कि कनाडा ने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस में शामिल होने का फैसला किया है। अपने साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए हम इस वर्ष 'भारत-कनाडा नवीकरणीय ऊर्जा और भंडारण शिखर सम्मेलन' आयोजित करेंगे। नागरिक परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में, हमने यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए एक ऐतिहासिक समझौता किया है। हम छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों और उन्नत रिएक्टरों पर भी मिलकर काम करेंगे।"

"भारत-कनाडा की साझेदारी देगी दुनिया को नए वैश्विक समाधान"

पीएम मोदी ने आगे कहा, "भारत-कनाडा नवाचार साझेदारी के साथ हम विचारों को वैश्विक समाधानों में बदलेंगे। मैं पिछले महीने भारत में आयोजित 'AI इम्पैक्ट समिट' की सफलता में कनाडा के बहुमूल्य योगदान के लिए प्रधानमंत्री कार्नी को धन्यवाद देता हूं। हम AI के साथ-साथ क्वांटम, सुपरकंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर्स में सहयोग बढ़ाएंगे।"

उन्होंने कहा, "आज क्रिटिकल मिनरल्स पर हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन आपूर्ति श्रृंखला की लचीलापन को मजबूत करेगा। अंतरिक्ष क्षेत्र में हम दोनों देशों के स्टार्टअप्स और उद्योगों को जोड़ेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में हम अगली पीढ़ी की साझेदारी बना रहे हैं, जो हाइड्रोकार्बन के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण पर विशेष जोर देगी।"

मिडिल ईस्ट की स्थिति पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया में चल रहे कई तनावों पर भारत का रुख स्पष्ट है। हमने हमेशा शांति और स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया है और जब दो लोकतंत्र एक साथ खड़े होते हैं, तो शांति की आवाज और भी मजबूत हो जाती है।"

उन्होंने आगे कहा, "पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। हम क्षेत्र में सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।"

ये भी पढ़ें-

आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में फहराया गया 'लाल झंडा', क्यों लगाते हैं, क्या है इसका मतलब?

ईरान के हमलों से बदली दुबई की तस्वीर, सैटेलाइट इमेज ने दुनिया को चौंकाया

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement