1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर बोले पीएम मोदी, "हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे पूरा किया"

चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग पर बोले पीएम मोदी, "हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे पूरा किया"

 Published : Aug 23, 2023 06:14 pm IST,  Updated : Aug 23, 2023 06:44 pm IST

भारत का चंद्रयान 3 सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतर गया है। भारत ने आज वह इतिहास रचा है जिसे अब तक दुनिया का कोई भी देश नहीं कर पाया। चंद्रयान 3 की लैंडिंग के दौरान पीएम मोदी भी दक्षिण अफ्रीका के ब्रिक्स सम्मेलन से इसरो के साथ लाइव जुड़े रहे। उन्होंने आज के दिन को ऐतिहासिक बताया।

पीएम मोदी- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : FILE

भारत का चंद्रयान 3 ने चंद्रमा पर सफल लैंडिंग करके इतिहास रच दिया है। इस पल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी साक्षी बने। वह इस वक्त दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स सम्मेलन में हैं। पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका से चंद्रयान 3 की लैंडिंग के वक्त इसरो से लाइव जुड़े रहे। वह एक-एक पल को गर्व पूर्व देखते रहे। जैसे ही लैंडर और रोवर ने चंद्रमा पर सफल लैंडिंग की, वैसे ही पीएम मोदी ने तालियां बजाकर देश के वैज्ञानिकों को इस महान उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने तिरंगे को लहराते हुए भारत की इस उपलब्धि पर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर पीएम मोदी ने सभी वैज्ञानिकों और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को सबसे बड़ा बताते हुए कहा कि हमने धरती पर संकल्प लिया और उसे चांद पर पूरा किया। यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है। भारत चांद के उस दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचा है, जहां अब तक कोई भी देश नहीं पहुंच पाया है। आज के इस दिन को देश हमेशा हमेशा के लिए याद रखेगा। यह दिन हम सभी को उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

पूरी मानवता के लिए बड़ा दिन

पीएम मोदी ने कहा कि भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है...यह सफलता पूरी मानवता की है। इसलिए यह भारत के साथ ही साथ पूरी मानवता के लिए बड़ा दिन है। इससे पहले कोई भी देश वहां (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव) तक नहीं पहुंचा है। हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं। जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत का सूर्योदय है।

चंदा मामा अब दूर के नहीं, बस एक टूर के

पीएम ने कहा कि भारत में हम धरती को मां और चांद को मामा बुलाते हैं। कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों पर गर्व करते हुए कहा कि भारत अब चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका से फोन करके इसरो चीफ एस सोमनाथ का चंद्रयान-3 की सफलता के लिए बधाई।

यह भी पढ़ें

BRICS सम्मेलन में पुतिन ने किया युद्ध खत्म करने का ऐलान, मगर पश्चिमी देशों पर लगाया ये बड़ा आरोप

BRICS सम्मेलन की सुर्खियां बना Chandrayaan3, पीएम मोदी ISRO से लाइव जुड़े

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत