1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. BRICS सम्मेलन की सुर्खियां बना Chandrayaan3, पीएम मोदी ISRO से लाइव जुड़े

BRICS सम्मेलन की सुर्खियां बना Chandrayaan3, पीएम मोदी ISRO से लाइव जुड़े

 Published : Aug 23, 2023 04:41 pm IST,  Updated : Aug 23, 2023 06:00 pm IST

चंद्रयान 3 की चंद्रमा के दक्षिणी पोल पर लैंडिंग से पहले पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर टिक गई हैं। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग सम्मेलन में भी भारत का चंद्रयान 3 मिशन ब्रिक्स की सुर्खियां बन गया है। हर कोई भारत के मून मिशन की सराहना कर रहा है। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भारत को इसके लिए बधाई दी है।

दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और पीएम मोदी।- India TV Hindi
दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और पीएम मोदी। Image Source : AP

भारत के चंद्रयान 3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने में बस कुछ घंटे शेष रह गए हैं। इस दौरान पूरी दुनिया की निगाहें भारत के चंद्रयान मिशन पर टिकी हैं। पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। भारत का चंद्रयान 3 मिशन ब्रिक्स सम्मेलन की भी सुर्खियां बन गया है। ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने इस महान अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के लिए पीएम मोदी और भारत को बधाई दी है। पीएम मोदी चंद्रयान-3 की लाइव लैंडिंग देखने के लिए इसरो से लाइव जुड़ गए हैं।

राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा कि मैं भारत को बधाई देना चाहता हूं, खासकर जब आप अंतरिक्ष में सहयोग की जरूरत पर बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ही घंटों में भारत का अंतरिक्ष यान चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरेगा। हम आपको (पीएम मोदी को) बधाई देते हैं। ब्रिक्स परिवार के रूप में यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और हमें आपके इस पल के साथ खुशी है। हम इस महान उपलब्धि की खुशी में आपके साथ हैं। इस बधाई के लिए पीएम मोदी ने राष्ट्रपति रामफोसा का आभार व्यक्त किया।

पीएम मोदी देंखेगे लाइव चंद्रयान 3 की लैंडिंग

प्रधानमंत्री मोदी भले ही दक्षिण अफ्रीका के ब्रिक्स सम्मेलन में हैं, लेकिन उनका दिल देश के चंद्रयान 3 पर लगा है। इसलिए वह लाइव स्ट्रीमिंग के जरिये इसरो से जुड़ेंगे और चंद्रयान 3 की लाइव लैंडिंग देखेंगे। इसके लिए वह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से लाइव जुड़ेंगे। वह वैज्ञानिकों और देश का हौसला बढ़ाने के लिए चंद्रयान-3 की लैंडिंग होने तक इसरो की लाइव स्ट्रीमिंग को देखते रहेंगे और कार्यक्रम से लाइव जुड़े रहेंगे। चंद्रयान-2 की लैंडिंग के वक्त पीएम मोदी इसरो केंद्र पर ही मौजूद थे। मगर दुर्भाग्य से चंद्रयान 2 का लैंडर चांद की सतह पर पहुंचने से 2.1 किलोमीटर पहले ही क्रैश हो गया था।

इतने बजे सॉफ्ट लैंडिंग करेगा चंद्रयान 3

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार को कहा कि वह अपने महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) को आज शाम चंद्रमा की सतह पर उतारने के वास्ते 'ऑटोमैटिक लैंडिंग सीक्वेंस' (एएलएस) शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस एलएम शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। यह एक ऐसी उपलब्धि है, जो अब तक किसी भी देश को हासिल नहीं हुई है। इसरो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘ऑटोमैटिक लैंडिंग सीक्वेंस (एएलएस) शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार। लैंडर मॉड्यूल (एलएम) के लगभग 17.44 बजे (भारतीय समयानुसार 5.44 बजे) निर्धारित बिंदु पर पहुंचने का इंतजार है।’

यह भी पढ़ें

नेपाल में सड़क पर चलते-चलते अचानक नदी में कूद गई बस, 8 से अधिक यात्रियों की मौत

BRICS Summit: पीएम मोदी ने फोटो खिंचवाने से पहले उठाया जमीन पर गिरा तिरंगा, देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश