1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Narendra Modi govt 8 years: भारत में क्यों नहीं एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री? इंडिया टीवी संवाद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिया जवाब

PM Narendra Modi govt 8 years: भारत में क्यों नहीं एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कारों की एंट्री? इंडिया टीवी संवाद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिया जवाब

 Reported By: Saurav Sharma @journosaurav
 Published : May 30, 2022 11:52 pm IST,  Updated : Dec 16, 2022 07:03 am IST

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने India TV Samvaad महासम्मेलन में कहा कि उन्होंने एलन मस्क को भारत में कंपनी खोलने से मना नहीं किया है।

Nitin Gadkari in IndiaTV Samvaad 2022- India TV Hindi
Nitin Gadkari in IndiaTV Samvaad 2022   Image Source : INDIA TV

Highlights

  • इंडिया टीवी संवाद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी
  • गडकरी ने गिनाईं अपने मंत्रालय की उपलब्धियां
  • "मैंने कभी नहीं कहा एलन मस्क भारत ना आएं"

PM Narendra Modi govt 8 years: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने India TV Samvaad महासम्मेलन में कहा कि उन्होंने एलन मस्क को भारत में कंपनी खोलने से मना नहीं किया है। गडकरी ने कहा कि एलन मस्क चीन में कारों की मैन्युफैक्चरिंग करके भारत में उनकी मार्केटिंग करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है और आने वाले सालों में यह इंडस्ट्री 15 लाख करोड़ रुपये की हो जाएगी। 

"मैंने कभी नहीं कहा मस्क भारत ना आएं"

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री आज देश में 4.5 करोड़ लोगों को रोजगार दे रही है। भारत में एलन मस्क की कंपनी टेस्ला को कारोबार की इजाजत न दिए जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "एलन मस्क का स्वागत है। मैंने कभी ऐसा नहीं कहा कि वह यहां न आएं। लेकिन उनका कहना है कि मैं चीन में मैन्युफैक्चरिंग करूंगा और इंडिया में मार्केटिंग करूंगा। तो मैंने कहा कि आप इंडिया में मैन्युफैक्चरिंग करिए और इंडिया में ही मार्केट करिए। इंडिया वर्ल्ड का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मार्केट है।"

 
"22 ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे"

एक दूसरे सवाल के जवाब में गडकरी ने कहा, उनके मंत्रालय ने पिछले 8 सालों में सरकारी सहायता और आउटसोर्स किए गए फंड, दोनों को मिलाकर 50 लाख करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाओं का काम पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इस साल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1,80,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। गडकरी ने कहा कि पूरे भारत में सबसे कम दूरी को कवर करते हुए 22 ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे।
 
गडकरी ने गिनाईं अपने मंत्रालय की उपलब्धियां

अपनी उपलब्धियों के बारे में बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय घटकर 40 मिनट का रह गया है। इसी तरह दिल्ली और हरिद्वार के बीच 2 घंटे, दिल्ली और चंडीगढ़ के बीच 2 घंटे 15 मिनट, दिल्ली और अमृतसर के बीच यात्रा का समय 4 घंटे रह गया है। गडकरी ने आगे कहा कि बहुत जल्द दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा का समय घटाकर 6 घंटे, दिल्ली और श्रीनगर के बीच 8 घंटे और दिल्ली और मुंबई के बीच 12 घंटे कर दिया जाएगा। इसी तरह, चेन्नई और बेंगलुरु के बीच यात्रा का समय 1.5 से 2 घंटे कम हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "उनका मंत्रालय 2.5 लाख करोड़ रुपये की लागत से 285 किलोमीटर लंबी सुरंगों का निर्माण करेगा। इसमें 14.2 किलोमीटर लंबी ज़ोजी ला सुरंग भी शामिल होगी, जो सोनमर्ग को कारगिल से जोड़ने वाली एशिया की सबसे लंबी सुरंग होगी।"

"15 लाख करोड़ होगा ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का कारोबार"

इंडिया टीवी संवाद के मंच पर भारत में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर बात करते हुए गडकरी ने कहा, "भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का कारोबार अब 6.5 लाख करोड़ रुपये है, और यह अगले 5 सालों में बढ़कर 15 लाख करोड़ रुपये हो सकता है। यह इंडस्ट्री केंद्र और राज्यों को अनुपात के हिसाब से जीएसटी में सबसे बड़ा योगदान देता है और साथ ही 4.5 करोड़ लोगों को रोजगार देता है। अगले कुछ सालों में इस उद्योग में 2 करोड़ और नौकरियां दी जाएंगी।"
 
"2024 तक इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें होंगी आम गाड़ियों के बराबर"

जनरल मोटर्स और फोर्ड के भारत में कामकाज बंद करने पर गडकरी ने कहा कि भारतीय ऑटो कंपनियां अब बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, "चारपहिया और दोपहिया वाहनों की बिक्री में तीन से चार गुना की तेजी से वृद्धि हुई है। यह सब व्यापार का हिस्सा है। बजाज, होंडा और टीवीएस अपने दोपहिया वाहनों का करीब 50 फीसदी विदेशों को निर्यात कर रहे हैं।" गडकरी ने वादा किया कि 2024 तक इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें यदि डीजल और पेट्रोल कारों से कम नहीं तो कम से कम उनके बराबर जरूर हो जाएंगी। गडकरी ने कहा, "टाटा और महिंद्रा के पास ऐसे लोगों की वेटिंग लिस्ट काफी बड़ी है जो इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना चाहते हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत