बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की वरिष्ठ नेता खालिदा जिया का बीते मंगलवार को ढाका में निधन हो गया। उन्होंने 80 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। खालिदा जिया को बुधवार को ढाका में संसद के करीब उनके पति जियाउर रहमान की कब्र के बगल में सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर खालिदा जिया को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को ढाका पहुंचे थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को उनकी मां के निधन पर पत्र लिखा है।
मुझे गहरा दुख हुआ- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को उनकी मां के निधन पर पत्र लिखा। पीएम मोदी ने पत्र में कहा है- "प्रिय तारिक रहमान साहब, आपकी मां, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष, बेगम खालिदा जिया के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। कृपया इस व्यक्तिगत क्षति पर मेरी संवेदना स्वीकार करें। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
मुझे 2015 में हुई मुलाकात याद है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पत्र में आगे लिखा- "मुझे जून 2015 में ढाका में बेगम साहिबा के साथ अपनी मुलाकात और चर्चा याद है। वह दुर्लभ संकल्प और दृढ़ विश्वास की नेता थीं और उन्हें बांग्लादेश की पहली महिला प्रधान मंत्री होने का गौरव प्राप्त था। उन्होंने बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए।"
री संवेदनाएं बांग्लादेश के लोगों के साथ भी- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पत्र में आगे लिखा- "हालांकि खालिदा जिया का निधन एक अपूरणीय शून्य छोड़ गया है, उनकी दृष्टि और विरासत कायम रहेगी। मुझे विश्वास है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के आपके कुशल नेतृत्व में उनके आदर्शों को आगे बढ़ाया जाएगा, और भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी और ऐतिहासिक साझेदारी को समृद्ध करने और एक नई शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में काम करना जारी रहेगा। राष्ट्रीय शोक के इस क्षण में, मेरी संवेदनाएं बांग्लादेश के लोगों के साथ भी हैं, जिन्होंने अपने पूरे इतिहास में उल्लेखनीय ताकत और गरिमा दिखाई है। मुझे विश्वास है कि वे अपने साझा मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता की गहरी भावना से निर्देशित होते रहेंगे, क्योंकि वे शांति और सद्भाव के साथ आगे बढ़ेंगे।"
ये भी पढ़ें- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जाएंगे बांग्लादेशी दूतावास, पूर्व पीएम खलिदा जिया को श्रद्धांजलि देंगे
PM मोदी का संदेश लेकर ढाका पहुंचे जयशंकर, खालिदा जिया के बेटे को सौंपी चिट्ठी