1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बोलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानिए किन मुद्दों पर बात की

उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बोलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानिए किन मुद्दों पर बात की

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 03, 2025 01:03 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 01:14 pm IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी पूर्व और वर्तमान विधायकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण, ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य-सेवा और शिक्षा के क्षेत्रों में राज्य ने सराहनीय प्रगति की है।

Droupadi Murmu- India TV Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू Image Source : X/@RASHTRAPATIBHVN

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड में हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में संबोधन दिया। वह सुबह 11 बजे विधानसभा कक्ष में पहुंचीं और संबोधन में कहा कि यह बहुत प्रसन्नता की बात है कि विगत 25 वर्षों की यात्रा के दौरान उत्तराखंड के लोगों ने विकास के प्रभावशाली लक्ष्य हासिल किए हैं। पर्यावरण, ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य-सेवा और शिक्षा के क्षेत्रों में राज्य ने सराहनीय प्रगति की है।

महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर भारत की बेटियों को सराहा

द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "आज खुशी का दिन है। आज हम लोगों की बेटियों ने पूरे विश्व को ये मैसेज दिया है कि हम किसी से कम नहीं हैं। यहां के युवा ऊर्जावान हैं। महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। भारत में 140 करोड़ लोग हैं, उनमें से आधी आबादी महिलाएं हैं। हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देख रहे हैं। इसमें सभी राज्यों का सहयोग, सभी संगठन का सहयोग, सभी लोगों का सहयोग रहेगा। सपनों को साकार करने में सभी का योगदान होगा।"

महिला सशक्तिकरण पर बात की

राष्ट्रपति ने उत्तराखंड के लोगों की तारीफ की और कहा कि यहां के लोग मेहनती हैं और उनकी प्रतिबद्धता की वजह से उत्तराखंड नए विकास पथ पर अग्रसर है। द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि राज्य में साक्षरता दर बढ़ी है। महिलाओं की शिक्षा में विस्तार हुआ है, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मैं विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करती हूं। उत्तराखंड विधानसभा ने ऋतु खंडूरी भूषण को राज्य की पहली महिला अध्यक्ष नियुक्त करके अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाई है। मुझे आशा है कि सभी हितधारकों के सक्रिय प्रयासों से उत्तराखंड विधानसभा में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी।"

सभी पूर्व और वर्तमान विधायकों की सराहना की

द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "हमारे संविधान निर्माताओं ने नागरिकों के लिए संविधान के अनुच्छेद 44 के अंतर्गत समान नागरिक संहिता के निर्माण का प्रावधान किया है। संविधान निर्माताओं के नीति निर्देशों के अनुरूप समान नागरिक संहिता विधेयक लागू करने से जुड़े उत्तराखंड विधानसभा के सदस्यों की मैं सराहना करती हूं। मुझे बताया गया है कि उत्तराखंड विधानसभा में 550 से अधिक विधेयक पारित किए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड लोकायुक्त विधेयक, उत्तराखंड ज़मींदारी उन्मूलन और भूमि सुधार विधेयक, और धोखाधड़ी-विरोधी विधेयक शामिल हैं। मैं पारदर्शिता, नैतिकता और सामाजिक न्याय से प्रेरित ऐसे विधेयकों को पारित करने के लिए सभी पूर्व और वर्तमान विधायकों की सराहना करती हूं।"

सीएम धामी का भी सामने आया बयान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "आपके (राष्ट्रपति मुर्मू) शब्द आगामी 25 वर्षों तक हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे और उत्तराखंड की प्रगति का मार्गदर्शन करेंगे। राष्ट्रपति महोदया, देवभूमि उत्तराखंड 9 नवंबर को अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे करेगा। इस राज्य के निर्माण के लिए अनेक शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर मैं उन सभी ज्ञात-अज्ञात राज्य आंदोलनकारियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिनके बलिदान से यह राज्य 25 वर्षों की अपनी गौरवशाली यात्रा पूरी कर पाया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत