कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे से जिलेटिन की दो छड़ें (विस्फोटक) बरामद की गईं। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सुरक्षा अधिकारियों ने उपायों को बढ़ा दिया और विस्फोटकों के स्रोत की पुलिस जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मिलीं ये छड़ें
मामले की अधिक जानकारी देते पुलिस ने बताया कि कग्गलीपुरा थाना क्षेत्र के तातागुनी के पास नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जिलेटिन की छड़ें मिलीं, जो प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम से जुड़े मार्ग से ज्यादा दूर नहीं है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीएम मोदी बेंगलुरु में कनकपुरा रोड पर स्थित 'आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर' के 45वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शिरकत करने पहुंचे थे। पुलिस ने एक बयान में कहा, 'रविवार सुबह प्रधानमंत्री के आगमन से पहले, जांच के दौरान, मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक फुटपाथ के किनारे दो जिलेटिन छड़ मिलीं। विस्तृत जांच जारी है।'
बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा
इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अलर्ट जारी कर दिया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ते तथा फॉरेंसिक कर्मी विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि जिलेटिन छड़ों को संबंधित क्षेत्र में रखने का मकसद क्या था। इसमें कौन-कौन लोग भी शामिल थे। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: