1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मात्र 1 रुपये किलो प्याज का भाव मिलने पर किसान ने 600 बोरियों में लगा दी आग, सामने आया बेबसी का VIDEO

मात्र 1 रुपये किलो प्याज का भाव मिलने पर किसान ने 600 बोरियों में लगा दी आग, सामने आया बेबसी का VIDEO

 Reported By: Sachin Chaudhary, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 10, 2026 03:49 pm IST,  Updated : May 10, 2026 03:55 pm IST

किसान ने प्याज की 600 बोरियों में आग क्यों लगाई है। इसकी वजह भी किसान ने खुद बताई है। इसके साथ ही पीड़ित किसान ने सरकार से खास मांग भी की है।

किसान ने खेत में लगाई आग- India TV Hindi
किसान ने खेत में लगाई आग Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से किसानों की बदहाली की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। भूम तालुका के टिंटराज गांव में प्याज उत्पादक किसान भगवान साबले ने अपनी ही 500 से 600 बोरियों में भरे प्याज को आग के हवाले कर दिया। किसान का आरोप है कि बाजार में प्याज का भाव सिर्फ 1 रुपये प्रति किलो मिल रहा था, जिससे लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था।

4 एकड़ में की प्याज की खेती

किसान भगवान साबले ने बताया कि उन्होंने करीब 4 एकड़ जमीन पर प्याज की खेती की थी, जिसमें से ढाई एकड़ की फसल तैयार हुई थी। इस खेती में बुवाई से लेकर कटाई तक करीब 3 से 4 लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन जब प्याज बेचने की बारी आई तो व्यापारी बेहद कम दाम देने लगे।

मजदूरों की कटाई का भी नहीं निकला खर्च

किसान के मुताबिक, एक गाड़ी प्याज बेचने पर उन्हें सिर्फ 4 हजार रुपये मिले, जबकि मजदूरों और कटाई का खर्च भी नहीं निकल पा रहा था। लगातार बदलते मौसम और बारिश की आशंका के कारण रोजाना प्याज को ढंकने और खोलने में भी अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही थी। इससे परेशान होकर किसान ने गुस्से में आकर अपनी फसल जला दी।

कम से कम 40 रुपये किलो का मिलने चाहिए भाव

भगवान साबले ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों को प्याज का कम से कम 40 रुपये प्रति किलो भाव मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से उनकी जली हुई फसल का पंचनामा कर 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से अनुदान देने की मांग की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।